नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में ज्वेलर को सबक सिखाने के लिए पूर्व कर्मचारी अजय (25) ने 50 लाख रुपये रंगदारी मांग ली। जांच के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया तो अजय ने खुलासा किया कि शोरूम की मैनेजर से उसकी दोस्ती थी। पता चलने पर ज्वेलर ने महिला को निकाल दिया। इसके गुस्से में अजय ने भी नौकरी छोड़ दी।
बाद में ज्वेलर ने महिला को दोबारा रख लिया तो उसे ज्वेलर से उसकी गहरी नजदीकी का शक हुआ। इसके बाद कर्ज से मुक्ति पाने के लिए उसने रंगदारी मांगी, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त दीपक यादव ने बताया कि 4 जनवरी को जेवर महल शोरूम के मालिक जितेंद्र ने प्रीत विहार थाने में 50 लाख रुपये रंगदारी मांगे जाने की शिकायत दी थी। जितेंद्र ने बताया कि उनके सिक्योरिटी गार्ड को एक ऑटो चालक रंगदारी की मांग का पत्र दे गया था।
जांच में पता चला कि एक युवक ने चोट लगने की बात कह ऑटो चालक से पत्र गार्ड तक पहुंचाने को कहा था। पुलिस ने मौजूदा व पूर्व कर्मचारियों से पूछताछ की। एक साल पहले नौकरी छोड़ने वाला पूर्व कर्मचारी अजय घर से गायब मिला। मंगलवार सुबह उसे शाहदरा के स्वामी दयानंद अस्पताल शाहदरा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में रंगदारी मांगने की बात कबूल करने के बाद अजय ने बताया कि वह क्लब जाने, महंगे कपड़े पहनने और हाईफाई जीवन शैली का शौकीन है। मालिक ने उससे दोस्ती रखने के कारण महिला मैनेजर को निकाला तो उसे गुस्सा आ गया। उसने भी नौकरी छोड़ दी। मैनेजर को दोबारा नौकरी पर रखा गया तो उसे मालिक पर महिला से नजदीकी का शक हुआ। उसने बदला लेने के लिए रंगदारी मांगी। उसका इरादा 3 जनवरी को अपने जन्मदिन पर जितेंद्र से रंगदारी मांगने का था, लेकिन इसमें चूक गया। अजय ने बताया कि वह 8वीं पास है और ताहिरपुर सराय जीटीबी एन्क्लेव इलाके में रहता है।