नई दिल्ली। कनॉट प्लेस में बुधवार सुबह पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसमें दो बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं। पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। दोनों घायल बदमाशों को आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बदमाश फरार हो गया। बदमाशों की गोली से एक एसआई बाल-बाल बचा। बदमाश सुबह कनॉट प्लेस और शाम को संत नगर, बुराड़ी इलाके में झपटमारी की वारदात करते थे। ये रोज तीन से चार झपटमारी करते थे। अब तक ये 100 से ज्यादा मोबाइल छीन चुके हैं।
नई दिल्ली जिला डीसीपी डॉ. ईश सिंघल ने बताया कि कनॉट प्लेस में झपटमारी की वारदात के मद्देनजर एसीपी अखिलेश्वर यादव की देखरेख में कनॉट प्लेस थानाध्यक्ष विनोद नारंग, एसआई अमित कुमार, एएसआई जोगिंदर सिंह, सिपाही जय सिंह व रामपाल की विशेष टीम बनाई गई। सीपी में हुई वारदात की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। टीम को बुधवार सुबह सूचना मिली कि रेसिंग साइकिल लूटने वाले फिर इलाके में आएंगे। पुलिस ने शंकर मार्केट के पास घेराबंदी की। बाइक पर दो युवक आए तो पुलिस ने रुकने को कहा। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। एक गोली एसआई अमित कुमार को लगी, मगर बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने से वे बच गए। जवाब में अमित ने गोली चलाई, जो शास्त्री पार्क निवासी मो. सलीम (21) के पैर में लगी। इसके बावजूद वह पुलिस पर फायरिंग करता रहा। एएसआई जोगिंदर ने उसे दबोच लिया। यह देख दूसरे बदमाश मो. इस्माइल उर्फ मकसूद (24) ने भी पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। पुलिस की एक गोली मो. इस्माइल के पैर में लगी। इसी दौरान वहां कार में आए तीसरे बदमाश बदायूं निवासी सऊद (22) को भी पुलिस ने पकड़ लिया। चौथा बदमाश भाग निकला। बदमाशों के कब्जे से लोडेड तमंचा, दो कारतूस, देशी पिस्टल, लूटे गए 10 मोबाइल, दो सोने की चेन, एक आई-10 कार, दो चोरी की पल्सर बाइक, 95 हजार रुपये और गत शुक्रवार को लूटी गई रेसिंग साइकिल बरामद की गई है। ये बदमाश ऐशोआराम की जिंदगी के लिए वारदात करते थे। इसमें ये चोरी की हाईस्पीड बाइक का इस्तेमाल करते थे। मो. सलीम व मो. इस्माइल के खिलाफ 8-8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।