-उत्तरी जिला पुलिस ने लाहौरी गेट इलाके में लूट की गुत्थी को सुलझाया, रुपये किए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में सैलरी से असंतुष्ट कर्मचारी ने साजिश रचकर घड़ी कारोबारी के 23.37 लाख रुपये उड़ा लिए। आरोपी ने नशीला पदार्थ सुंघाकर लूट की फर्जी कहानी भी सुना दी। छानबीन हुई तो लूट की साजिश का भेद खुल गया। पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी स्थित डीएलएफ अंकुर विहार निवासी आरोपी आकाश को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गाजियाबाद के खोड़ा कालोनी स्थित कमरे से लगभग पूरी रकम 23.34 लाख रुपबे बरामद कर लिए गए।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया, 18 सितंबर को लाजपत राय मार्केट में घड़ी कारोबारी संजय अग्रवाल ने पुलिस को एक शिकायत दी थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपने कर्मचारी आकाश को फतेहपुरी, कटरा बारियां स्थित दफ्तर से 23.37 लाख रुपये लेकर एक अन्य व्यक्ति को देने के लिए कहा था। काफी समय बीतने के बाद भी आकाश ने कैश उस व्यक्ति को नहीं पहुंचाया और उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। अगले दिन आकाश ने पीसीआर कॉल कर बताया गया कि किसी ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास नशीला पदार्थ सुंघाकर कैश व मोबाइल फोन लूट लिया है। वह बार-बार बदल-बदलकर नई कहानी सुना रहा था। पुलिस ने उसके बयान की पुष्टि करने के लिए करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
फुटेज में वह चर्च मिशन चौक की गलियों से होते हुए पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाता हुआ दिखा और बैग भी उसके पास था। लगातार पूछताछ करने के बाद आरोपी टूट गया और उसने अपराध कबूल कर लिया।