तीस दिन चले पवित्र रमजान के बाद आखिरकार बृहस्पतिवार को चांद के दीदार हो ही गए। देश के कई हिस्सों में चांद देखा गया। ईद का चांद दिखते ही लोगों ने एक दूसरे को फोन पर ईद की बधाई देना शुरू कर दिया। हालांकि कोविड महामारी की वजह से हर साल रहने वाली ईद की वह रौनक तो नहीं है, लेकिन फिर भी लोग इसको लेकर खासे उत्साहित थे।
दिल्ली समेत देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी और फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने तमाम लोगों से अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि शरिया इसका इजाजत देता है, लिहाजा सभी लोग अपने-अपने घरों में नमाज अदा करें और अपने घरों में ही रहें।
दिल्ली में अचानक बढ़े कोरोना के मामलों के बाद दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन का घोषणा कर दी थी। इसकी वजह से राजधानी के सभी बाजार बंद रहे और रमजान की रौनक भी फीकी रही। ज्यादातर लोग ईद की खरीदारी से भी महरूम रह गए।