एनसीवेब : सात सितंबर से शुरू होगा शैक्षिक सत्र
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलेजिएट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) का शैक्षणिक सत्र 2019-20 सेमेस्टर सिस्टम और सीबीसीएस लागू होने के कारण अब सात सितंबर से शुरू होगा। पहले 31 अगस्त से कक्षाएं शुरू होनी थी। बीते दिनों एनसीवेब में भी नियमित छात्रों के पाठ्यक्रम की भांति इस साल से सीबीसीएस कोर्स लागू हो गया है। इस तरह यहां भी सेमेस्टर सिस्टम के तहत ही पढ़ाई होगी। इसके लिए हाल ही में संशोधित पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।
एनसीवेब के तहत विभिन्न कॉलेजों में 26 सेंटरों पर छात्राओं के लिए कक्षाएं शनिवार व रविवार को लगती है। नए शैक्षणिक सत्र के तहत शनिवार को चलाए जा रहे सेंटर पर 7 सितंबर और रविवार को चलने वाले सेंटर पर 8 सितंबर से बीए व बीकॉम प्रोग्राम की कक्षाएं नियमित रूप से शुरू होंगी। एनसीवेब श्री अरबिंदो कॉलेज सेंटर प्रभारी प्रो. हंसराज सुमन ने बताया है कि जिन छात्राओं ने इस शैक्षिक सत्र में बीए प्रोग्राम और बीकॉम प्रोग्राम में प्रवेश लिया है, उन छात्राओं के लिए ओरियंटेशन प्रोग्राम 8 सितंबर को होगा। इस दौरान छात्राओं को सीबीसीएस पाठ्यक्रम व सेमेस्टर सिस्टम आदि जानकारी दी जाएगी। नए सीबीसीएस कोर्स में उपस्थिति पंजिका और असाइनमेंट का प्रावधान भी किया गया है। शिक्षकों को 7 सितंबर को टाइम टेबल दे दिया जाएगा, ताकि 8 सितंबर से ही कक्षाएं शुरू की जा सकें।
पाठ्यक्रम पूरा कराना शिक्षकों के लिए होगी चुनौती
सेमेस्टर सिस्टम लागू होने के कारण पाठ्यक्रम पूरा कराना शिक्षकों के लिए चुनौतीपूर्ण होगा। दरअसल, अब तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं और दिसंबर में सेमेस्टर परीक्षाएं होंगी। प्रो. सुमन ने कहा कि शिक्षकों को टाइम टेबल के साथ-साथ दिल्ली डीयू द्वारा पास पाठ्यक्रम भी दिया जाएगा। इससे कॉलेज खुलने के पहले दिन से ही कक्षाएं शुरू की जा सकें। यह इसलिए किया जा रहा है कि इस सेमेस्टर में उन्हें 22 कक्षाएं ही मिल रही हैं। इन्हीं कक्षाओं में शिक्षकों को पाठ्यक्रम पूरा कराना होगा।