नई दिल्ली। मध्य जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने जयपुर के कारोबारी से करीब 20 लाख के कीमती पत्थर चोरी करने के मामले में आरोपी ई-रिक्शा चालक और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के करीब 90 प्रतिशत पत्थर बरामद किए हैं।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को जयपुर निवासी कारोबारी ने देशबंधू गुप्ता रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह करोल बाग से दरियागंज जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे। जब वह रानी झांसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो उनके बैग से नौ पैकेट में रखे कीमती पत्थर चोरी हो गए। इनकी कीमत करीब 20 से 22 लाख रुपये थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की। इस दौरान पुलिस ने करोल बाग से दरियागंज तक पूरे मार्ग के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 17 जुलाई को धौला कुआं बस स्टॉप के पास से आरोपी ई-रिक्शा चालक विक्की सोलंकी और उसकी सहयोगी अनीता उर्फ अन्नू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी रघुबीर नगर के रहने वाले हैं। ब्यूरो