डूसू चुनाव : नामांकन प्रक्रिया संपन्न, चारों पदों पर 67 नामांकन
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। इस साल डूसू के चारों पदों के लिए 67 नामांकन दाखिल हुए। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 14 और उपाध्यक्ष के लिए 17 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। सचिव व सहसचिव पद के लिए सबसे अधिक 18-18 नामांकन किए गए हैं। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे तक नाम वापसी होगी और इसके बाद शाम को उम्मीदवारों की अंतिम लिस्ट जारी कर दी जाएगी। मालूम हो कि बीते साल कुल 101 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था।
विभिन्न छात्र संगठनों के छात्र नेता सुबह से ही नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए डीन कार्यालय के बाहर जुटने लगे थे। लगभग सभी संगठनों के छात्र नेताओं ने एक से अधिक पदों के लिए अपना नामांकन कराया। एनएसयूआई ने चार पदों के लिए आठ उम्मीदवारों के पर्चे भरवाए। एबीवीपी ने पांच उम्मीदवारों का नामांकन दाखिल कराया है। बताया जा रहा है कि अंतिम समय में किसी के पर्चे में दिक्कत ना आ जाए इसको देखते हुए संगठनों ने घोषित नामों से ज्यादा नामांकन दाखिल कराए हैं। आइसा ने भी सात उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल कराए हैं। बृहस्पतिवार को संगठन अपने पैनल घोषित कर चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत कर देंगे।
एबीवीपी से टिकट मांग रहे जयदीप ने भी भरा पर्चा
डीयू के बुद्धिस्ट विभाग के जयदीप मान एबीवीपी के सात संभावित प्रत्याशियों की सूची में शामिल थे, लेकिन नामांकन के बाद एबीवीपी ने पांच उम्मीदवारों से पर्चा भरवाने की घोषणा की। इस सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। हालांकि, जयदीप मान की ओर से पर्चा भरा गया है। बताया जा रहा है कि नाराजगी जताने के लिए जयदीप ने पर्चा भरा है। सूत्र बताते हैं कि बृहस्पतिवार तक उनकी नाराजगी को दूर कर उनका नाम वापस करा लिया जाएगा।
कैंपस में पुलिस व्यवस्था रही चाक चौंबद, समर्थकों का हुजूम
नामांकन दाखिल करने के बाद उम्मीदवारों के समर्थकों ने कैंपस में जमकर नारेबाजी की। हंगामे की आशंका को देखते हुए कैंपस में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। मामूली झड़प करने पर कुछ समर्थकों को हिरासत में भी लिया गया, जिन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही और कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी। जहां नामांकन प्रक्रिया चल रही थी उस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई थी। नामांकन के दौरान समर्थक अपने उम्मीदवारों के नाम लिखे बैनर लेकर कैंपस में डटे रहे। नामांकन के बाद उम्मीदवार व उनके समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। प्रत्याशियों के समर्थक बड़ी-बड़ी गाड़ियों में पहुंचे, जिन्हें कैंपस में ही सड़क पर खड़ा किया गया। इससे कैंपस में जाम की स्थिति बनी रही।
नामांकन करने वाले छात्रों के नाम
छात्र संगठन एनएसयूआई : अभिषेक चपराना, चेतना त्यागी, आशीष लांबा, अंकित भाटी, अंशिका मलिक, पोलिना, सुमित गरोड़ा, कुमारी एस।
छात्र संगठन एबीवीपी : अक्षित दहिया, शिवांगी खरवाल, योगित राठी, तुषार डेढ़ा, प्रदीप तंवर।
छात्र संगठन आइसा : दामिनी, चेतना, विकास कुमार, अंकुश, आफताब आलम। आइसा ने अध्यक्ष पद के लिए दामिनी व सचिव पद के लिए विकास कुमार के नाम की घोषणा कर दी है।