डूसू और एबीवीपी ने डीयू में प्रदर्शन किया।
- फोटो : Ashram
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज के फेस्ट में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ की घटना के विरोध में डूसू व एबीवीपी ने डीयू प्रशासन व कॉलेज के खिलाफ मंगलवार को आर्ट फैकल्टी में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों व एबीवीपी पदाधिकारियों ने डीयू प्रॉक्टर से मुलाकात की। मुलाकात में उन्होंने प्रॉक्टर को छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक ज्ञापन भी सौंपा। वहीं एबीवीपी व डूसू प्रतिनिधिमंडल ने गार्गी कॉलेज की प्रिंसिपल से मामले की जांच जल्द से जल्द करने की मांग की। एबीवीपी के अनुसार डीयू प्रॉक्टर ने आश्वासन दिया है कि दिल्ली पुलिस आयुक्त से होने वाली बैठक में वह डूसू की मांगों को उनके सामने रखेंगे।
एबीवीपी ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किया जाना चाहिए जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। इसके साथ ही यह मांग भी की गई कि इस घटना को भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों में छात्रों की भागीदारी को रोकने के लिए प्रयोग करने की कोशिश न की जाए। दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
डूसू ने इस घटना के लिए एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा पूरी घटना की समुचित जांच की मांग करते हुए कार्यक्रम के आयोजन में हुए भ्रष्टाचार के जांच व आगामी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए दिशा निर्देश जारी करने और पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की सह-सचिव शिवांगी खरवाल ने कॉलेज परिसर व डीयू परिसर में महिला सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने की आवश्यकता की बात कही। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को शीघ्र दंड दिया जाना चाहिए।