लॉकडाउन की वजह से कमाई न होने से लोगों को घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। खासकर ऐसे लोग जो रोज कमाकर खाते हैं। लॉकडाउन के चलते कई दिन तक घर में रहने के बाद कमाई की उम्मीद में कुछ ई-रिक्शा व ऑटो चालक घर से बाहर निकल गए।
लेकिन पुलिस ने उन्हें वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी और सभी पर सरकारी आदेश के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। ई-रिक्शा चलाने वाला इंदिरा कैंप झुग्गी निवासी सूरज ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से घर चलाना मुश्किल हो रहा था।
इसलिए बुधवार को वह कुछ कमाई करने की नीयत से घर से ई-रिक्शा लेकर निकल गया। वह कल्याणपुरी बस टर्मिनल के पास अपनी ई-रिक्शा खड़ी कर सवारी का इंतजार करने लगा। लेकिन सवारी के आने से पहले पुलिस पहुंच गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
इसी तरह नजफगढ निवासी ऑटो चालक रमेश, उत्तम नगर निवासी ऑटो चालक राज बहादुर सिंह और जनकपुरी निवासी ऑटो चालक मोहनलाल और हस्तसाल निवासी ई-रिक्शा चालक सज्जन के अलावा अन्य पर पुलिस ने सरकारी आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है।