दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) अपने उन छात्रों को फीस में छूट देने पर विचार कर रहा है जिन्होंने कोरोना की वजह से अपने माता-पिता को खो दिया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने संबद्ध कॉलेजों को पत्र लिखकर उन छात्रों की जानकारी जुटाने के लिए कहा है जिन्होंने अपने माता-पिता या किसी एक को खो दिया है।
कॉलेज डीन बलराम पाणी ने कहा कि ऐसे छात्रों की जानकारी को लेकर विश्वविद्यालय ने सोमवार तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। डीयू से तीन प्रकार के कॉलेज संबद्ध हैं। इसमें ट्रस्ट द्वारा संचालित, विश्वविद्यालय द्वारा संचालित और दिल्ली सरकार द्वारा पूर्ण व आंशिक रूप से पोषित कॉलेज हैं। दिल्ली सरकार के तहत इसमें कुल 28 कॉलेज आते हैं।
दिल्ली सरकार की ओर से वित्त पोषित एक कॉलेज की प्रिंसिपल ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के फैसले का वह स्वागत करती हैं। एक बार फैसले को मंजूरी मिलने के बाद इसे कॉलेज की गर्वनिंग बॉडी के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
डीयू के वाइस चांसलर पीसी जोशी ने भी फीस छूट के मुद्दे पर जोर दिया है। कोरोना से दिवंगत हुए विश्वविद्यालय कर्मचारियों के लिए आयोजित प्रार्थना सभा में जोशी ने कहा कि कोरोना महामारी में माता-पिता को खो चुके छात्र प्रशासन के लिए प्रमुख चिंता का विषय हैं।