मौसम के एकाएक बदले मिजाज की वजह से शनिवार की शाम तेज तेज आंधी ने 62 से अधिक जगहों पर पेड़ों को धराशायी कर दिया। इसके अलावा चार से अधिक जगहों पर इमारत का मलबा गिरने और विभिन्न स्थानों पर जलजमाव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली- एनसीआर में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। इस वजह से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में पेड़ जड़ समेत उखड़ गए। कुछ जगहों पर पेड़ बीच सड़क पर आ गए। इस वजह से यातायात भी प्रभावित हुआ। परेशानी को देखते हुए कुछ जगहों पर यातायात को दूसरे मार्ग पर डायवर्ट किया गया, जिससे शाम के समय जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
निगम के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिणी निगम में आठ जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना मिली। पूर्वी निगम में 12 जगहों पर और उत्तरी निगम में सबसे अधिक 42 जगहों पर पेड़ व टहनियां टूटने की कॉल मिली हैं। इसके अलावा पूर्वी निगम में दो जगहों और उत्तर निगम में भी दो जगहों पर मलबा गिरने की सूचना मिली है।
तेज बारिश के कारण पुल प्रहलादपुर, जखीरा, कालिंदी कुंज, कालकाजी, पटेल नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, शादीपुर, शास्त्री पार्क, भजनपुरा, गोकलपुरी, नंद नगरी, सीलमपुर, शाहदरा, छोटा बाजार, दिलशाद गार्डन व आनंद विहार आदि जगह पर जलजमाव की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह पिछले 10 दिनों के भीतर दूसरी बार है जब बड़ी संख्या में दिल्ली में पेड़ गिरे हैं। इससे पहले हाल ही में तेज बारिश व हवा के कारण 80 से अधिक जगहों पर पेड़ गिरने के मामले सामने आए थे।
कुछ देर के लिए लगा जाम
शाम के समय कुछ देर के लिए जाम की समस्या से भी लोगों को दो-चार होना पड़ा। इस तरह की स्थिति कश्मीरी गेट, शास्त्री पार्क, खजूरी, मयूर विहार व नई दिल्ली के विभिन्न इलाकों में देखने को मिली। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कुछ जगहों पर पेड़ सड़क पर गिरने से कुछ देर के लिए जाम की समस्या हुई थी। हालांकि, इसके मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट कर जाम खुलवाया।