नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में पहली बार अंतिम वर्ष की परीक्षा समाप्त होने के तत्काल बाद ऑनलाइन गोपनीय रिजल्ट जारी किए जा रहे हैं। परीक्षा शाखा ने जून के अंतिम सप्ताह से पहली बार ऑनलाइन गोपनीय रिजल्ट देने की सुविधा की शुरुआत की है। ऐसे रिजल्ट लेने के लिए डीयू को अब तक कुल 354 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 47 विद्यार्थियों को ऑनलाइन गोपनीय रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं। अंतिम वर्ष की परीक्षा 28 जून को समाप्त हुई और 30 जून को पहला गोपनीय रिजल्ट जारी कर दिया गया।
विदेश जाने वाले व नौकरी प्राप्त करने के लिए डीयू की ओर से ऑफलाइन गोपनीय रिजल्ट प्राप्त करने की सुविधा दी जाती है। अब तक इसके लिए विद्यार्थियों को परीक्षा शाखा जाना पड़ता था। लेकिन कोरोना महामारी व रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से परीक्षा शाखा ने बीते जून मेें गोपनीय रिजल्ट ऑनलाइन देने का फैसला किया है। बीते साल कोरोना महामारी के दौरान लगभग 650 विद्यार्थियों को ऑफलाइन गोपनीय रिजल्ट उपलब्ध कराया गया था।
डीयू परीक्षा शाखा डीन प्रो सी. एस. रावत ने बताया कि ऑनलाइन रिजल्ट प्राप्त करने के लिए 354 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें से 47 विद्यार्थियों को ऑनलाइन ही गोपनीय रिजल्ट जारी कर दिया गया है। बाकी विद्यार्थियों को ऐसे रिजल्ट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। खास बात यह है कि 28 जून को अंतिम वर्ष की परीक्षाएं समाप्त हुईं और 30 जून को गोपनीय रिजल्ट जारी किया गया।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने विदेशों में पढ़ने व नौकरी में देने के लिए इस तरह से रिजल्ट की डिमांड की है। दरअसल इस सुविधा के लिए विद्यार्थियों को तीन जुलाई तक आवेदन करना था। जिसके बाद कॉलेज-विभागों ने विद्यार्थियों के आवेदन पत्र व उसके साथ लगाए गए जरूरी दस्तावेजों को वेरीफाई किया और 06 जुलाई तक ईमेल के माध्यम से परीक्षा शाखा को भेज दिया।
अगस्त के दूसरे सप्ताह तक जारी हो जाएंगे अंतिम वर्ष के रिजल्ट
दिल्ली विश्वविद्यालय में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 28 जून को समाप्त हुए ओपन बुक एग्जामिनेशन (ओबीई) परीक्षा के पूरे नतीजे अगस्त के दूसरे सप्ताह तक जारी कर दिए जाएंगे। डीन परीक्षा शाखा प्रो सी. एस. रावत ने बताया कि मई-जून 2021 ओबीई परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 15 जुलाई की तिथि दी हुई है। उसके बाद से कोर्सेज के हिसाब से नतीजे आने शुरू हो जाएंगे।
अब तक कुल 68.6 फीसदी उत्तर पुस्तिकाओं को चेक करने का काम पूरा हो चुका है। ऐसे में उम्मीद कर रहे हैं कि अगस्त के मध्य तक सभी रिजल्ट जारी हो जाएं। जबकि अभी एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमएससी माइक्रो बॉयोलॉजी, एमए पर्शियन के नतीजे जारी किए जा चुके हैं। इस बार परीक्षा विभाग ने परीक्षा के साथ-साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने की नीति अपनाई है।