नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने विदेशी विश्वविद्यालयों में अध्ययन के लिए जाने वाले छात्रों को बड़ी राहत प्रदान की है। डीयू ने ऐसे छात्रों के लिए एक ईमेल तैयार किया है। इस ईमेल के माध्यम से छात्र अपने रिजल्ट के लिए डीयू से अनुरोध कर सकते हैं। इस अनुरोध के आधार पर डीयू प्रशासन छात्र के अस्थायी दाखिले के संदर्भ में विदेशी विश्वविद्यालयों को एक पत्र भेजेगा। इसमेें रिजल्ट की संभावित तिथि भी होगी।
डीयू प्रशासन ने यह ईमेल specialresultobe@exam1.du.ac.in तैयार किया है। इसके लिए डीयू ने सहायक रजिस्ट्रार (रिजल्ट) को इसका जिम्मा सौंपा है। छात्रों को मेल पर अपना नाम, परीक्षा रोल नंबर, कोर्स व कॉलेज का नाम, लिखकर भेजना होगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय को निर्देश दिया था कि वह अंतिम वर्ष के स्नातक छात्रों के परिणाम जल्द घोषित करें, जिन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई के लिए विदेशी विश्वविद्यालयों में दाखिला लिया है। कोर्ट ने डीयू प्रशासन को एक ईमेल आईडी तैयार करने को कहा था जिस पर छात्र अपना अनुरोध भेज सकें।