दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के तहत विदेशी छात्रों के यूजी, पीजी, एमफिल, पीएचडी, सर्टिफिकेट, व सर्टिफिकेट डिप्लोमा में दाखिले की शुरुआत जल्द ही होने जा रही है। इन छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया फरवरी के दूसरे हफ्ते में शुरु होगी। एसओएल की तरह ही विदेशी छात्रों के लिए भी स्नातक स्तर के दाखिले प्रवेश परीक्षा से नहीं होंगे।
विदेशी छात्रों के लिए दाखिले पहले की तरह मेरिट के आधार पर ही लिए जाएंगे। डीयू में विदेशी छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरु करने को लेकर बैठकों का दौर जारी है। जल्द ही डीयू का कंप्यूटर विभाग दाखिले के लिए वेबसाइट तैयार कर देगा और आवेदन प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।
डीयू में फॉरेन स्टूडेंट(डिप्टी डीन) प्रो अमरजीव लोचन ने बताया कि फरवरी के दूसरे सप्ताह तक आवेदन प्रक्रिया शुरु करने की तैयारी है। बीते साल की तरह इस बार भी विदेशी छात्रों के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन ही रहेगी। स्नातक स्तर केलिए दाखिले प्रवेश परीक्षा से होंगे या नहीं, इस पर उन्होंने कहा कि विदेशी छात्रों के लिए पहले की तरह दाखिले मेरिट के आधार पर ही होंगे। उन्होंने कहा कि दाखिलों को लेकर बैठकों का दौर जारी है। अब आवेदन प्रक्रिया शुरु करने के लिए पोर्टल तैयार होने का इंतजार है। जिसकेबाद जल्द ही उस पर दाखिला गाइडलाइंस जारी कर दी जाएंगी।
कोरोना महामारी के बावजूद बीते साल करीब तीन हजार विदेशी छात्रों ने विभिन्न स्तरों पर दाखिले के लिए आवेदन किया था। लेकिन कोरोना महामारी की पाबंदियों के कारण दाखिला कम ही छात्र ले पाए थे। डीयू अपने शैक्षणिक माहौल व कोर्सेज के लिए विदेशों में भी पहचाना जाने लगा है। इसलिए विभिन्न देशों से यहां आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ रही है।
उल्लेखनीय है कि डीयू में विदेशी छात्रों केलिए विभागों व कॉलेजों में दाखिले के लिए पांच फीसदी कोटा होता है। जबकि पीएचडी स्तर पर यह कोटा दस फीसदी होता है। बीते सालों में मेक्सिको, नीदरलैंड, लाओस, जर्मनी, ब्रिटेन, नेपाल, अफगानिस्तान, तिब्बत, बांग्लादेश, कजाकिस्तान, कोरिया, रशिया, नाइजीरिया, सूडान, ईराक, इथोपिया, जैसे देशों से छात्र दाखिला लेते हैं।