नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में कोरोना महामारी के बीच एकेडमिक काउंसिल (एसी) व एग्जिक्यूटिव काउंसिल (ईसी) के चुनाव के लिए शुक्रवार को शिक्षक अपने मत का प्रयोग करेंगे। एसी के 26 और कार्यकारी परिषद ईसी के 2 पदों के लिए मतदान होगा। डीयू में विभिन्न नीतिगत निर्णयों के लिए एसी व ईसी को महत्वपूर्ण माना जाता है।
चुनाव में करीब 10 हजार शिक्षक अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए कॉलेज व विभागों में 40 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना शनिवार से शुरू होगी, उसी दिन से एसी की कुछ सीटों के रिजल्ट आने की संभावना है।
एसी की 26 सीटों पर कोटे से पहले ही 9 उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अब 17 सीटों के लिए 22 उम्मीदवार मैदान में हैं। दो सदस्यों वाली ईसी के लिए पांच उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। कोरोना के कारण चुनाव के दौरान सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा। कॉलेजों को इसके लिए हिदायत भी दी गई है। वहीं उम्मीदवार अब व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से प्रचार में जुटे हुए हैं।
इस बार इस चुनाव में पांच प्रमुख शिक्षक संगठनों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें भाजपा समर्थक शिक्षक संगठन एनडीटीएफ, कांग्रेसी विचारधारा समर्थक शिक्षक संगठन एएडीए, वामपंथी विचाराधारा का समर्थक शिक्षक संगठन डीटीएफ है और कांग्रेस का शिक्षक संगठन इंटेक शामिल है। आम आदमी पार्टी का शिक्षक संगठन डीटीए भी इन चुनावों में पहली बार अपनी ताल ठोक रहा है।