पहचान बदलकर अलग-अलग राज्यों में छिप रहा था
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आठ साल से फरार चल रहे ड्रग्स तस्कर दरबारा सिंह उर्फ बिल्ला को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2018 से भगोड़ा घोषित था। पुलिस के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहचान बदलकर अलग-अलग राज्यों में छिप रहा था।
स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज की टीम ने तीन नवंबर को उसे गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी ने अपना नाम बदलकर दरबारा राम रख लिया था। वह पंजाब के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में भी ठिकाने बदलकर रह चुका था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017 में स्पेशल सेल ने दरबारा सिंह और उसके साथी को चार किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। मुकदमे के दौरान अंतरिम जमानत मिलने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद 31 अक्तूबर 2018 को पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पूछताछ में आरोपी ने 1996 से नशे के कारोबार में शामिल होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, 1997 में वह तीन टन, 1998 में 1600 किलो और 2008 में 680 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार हुआ था। इन तीनों मामलों में उसे सजा भी हुई थी। पुलिस अब उसके नेटवर्क की जांच कर रही है।