बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहबेरी के पास एक सोसायटी में रहने वाले एक प्रबंधक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। फांसी लगाने से पहले प्रबंधक ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। जिसमें उसने किसी का नाम लिए बिना कहा कि मैंने तुम्हें हमेशा खुश रखा, लेकिन तुम सबने में मुझे बहुत परेशान किया।
वीडियो बनाने के दौरान बैकग्राउंड में बॉलीवुड फिल्म का एक गीत भी सुनाई दे रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग आया है। अब तक मामले में किसी परिजन ने तहरीर नहीं दी है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि बीते शाहबेरी के पास एक सोसायटी में रहने वाले वीर सिंह प्रॉपर्टी से जुड़ी एक कंपनी में प्रबंधक थे। वह मूलरूप से सलारपुर नोएडा के निवासी थे। उनके एक दोस्त की सूचना पर बृहस्पतिवार को पुलिस उनके घर पर पहुंची थी। प्रबंधक के दोस्त का कहना था कि वह दो दिन से कॉल कर रहा है, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने पर घर पहुंचा तो अंदर से दुर्गंध आ रही थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो प्रबंधक का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव बरामद कर मौके का मुआयना किया। पुलिस ने परिजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि घटना के दौरान प्रबंधक की पत्नी और बच्चे मौजूद नहीं थे। कोतवाल का कहना है कि वीर सिंह तनाव में थे। उन्होंने वीडियो में किसी का नाम नहीं लिया है। मामले में परिजन ने भी तहरीर नहीं दी है।