कीर्तन जत्थों, पंच प्यारों और गुरु साहिब की पालकी साहिब के साथ नगर कीर्तन पहुंचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नौवें पातशाह गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आनंदपुर साहिब से प्रारंभ हुई धर्म रक्षक यात्रा रविवार को दिल्ली में भव्य नगर कीर्तन के रूप में संपन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ गुरुद्वारा दमदमा साहिब से हुआ, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कीर्तन जत्थों, पंच प्यारों और गुरु साहिब की पालकी साहिब के साथ यह नगर कीर्तन दक्षिणी दिल्ली के मुख्य इलाकों से गुजरता हुआ गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब पहुंचा, जहां इसका विधिवत समापन किया गया।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) के प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया, यात्रा दमदमा साहिब से आरंभ होकर जंगपुरा एक्स, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, कृष्णा मार्केट, नेहरू प्लेस, कालकाजी, गोविंदपुरी, ग्रेटर कैलाश, सीआर पार्क, मालवीय नगर, ग्रीन पार्क, सरोजिनी नगर सहित अनेक प्रमुख मार्गों से होती हुई रकाबगंज साहिब पहुंची। पूरे मार्ग में संगतों ने श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया, जगह-जगह फूलों की वर्षा की और लंगर तथा जलसेवा के स्टॉल लगाए।
कमेटी पदाधिकारियों ने कहा, संगत का उत्साह और आस्था अद्वितीय रही। लोगों ने गुरु साहिबान के प्रति भावपूर्ण सम्मान प्रकट किया और पूरे मार्ग में वातावरण वाहेगुरु के जयकारों से गूंजता रहा। उन्होंने कहा, डीएसजीपीसी दिल्लीभर में इस नगर कीर्तन के स्वागत और प्रबंधन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। कालका और काहलों ने कहा, हमारे लिए गुरु साहिबान की परंपरा, गुरु ग्रंथ साहिब और गुर इतिहास सर्वोपरि हैं। कमेटी हमेशा की तरह आगे भी पूर्ण समर्पण और सेवा भाव से ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।