नई दिल्ली। महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध और महिला सुरक्षा की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के आर्ट्स फैकल्टी के गेट नंबर-4 पर ‘इंडिया, इट्स टाइम टू वेक अप’ मार्च निकाला गया। महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना और छात्र विंग आना के बैनर तले मार्च का आयोजन हुआ।
इस दौरान छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग उठाई। मार्च का नेतृत्व कर रहीं योगिता भयाना ने कहा कि बच्चियों के साथ लगातार हो रहे अत्याचार और अन्याय को देखते हुए छात्राओं ने इस दिशा में कुछ रचनात्मक पहल करने का फैसला किया। महिलाओं की सुरक्षा और उनसे जुड़े मुद्दों को केवल घटनाओं के बाद चर्चा तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसके लिए संसद में हर साल महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए कम से कम दो दिन पूरी तरह निर्धारित किए जाने चाहिए। इस पहल का उद्देश्य महिला सुरक्षा से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाना और इनके समाधान के लिए गंभीर चर्चा सुनिश्चित करना है। ब्यूरो