-एक फीट से पांच फीट तक के पुतले बने पसंद, कीमत सौ से शुरू होकर एक हजार रुपये तक
-पहली बार विदेशी भारतीयों की मांग पर छोटे रावण के पुतले विदेश निर्यात हो रहे, पर्यावरण संरक्षण के दौर में तितारपुर के पुतले भी भूमिका निभा रहे हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दशहरा की धूम में इस बार दिल्ली के दानव राजा के बाजार नाम से प्रसिद्ध तितारपुर इलाका एक बार फिर से जीवंत हो उठा है। ऐसे में इको-फ्रेंडली पुतले लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। ये पुतले बांस, पुराने अखबारों, ग्लेज पेपर और रंग-बिरंगे कपड़ों से बनाए जाते हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल हैं और जलाने पर कम प्रदूषण फैलाते हैं। यही नहीं, एक फीट से पांच फीट तक के छोटे पुतलों की मांग बढ़ गई है। इनकी कीमत सौ से शुरू होकर एक हजार रुपये तक हैं।
सुभाष नगर, राजौरी गार्डन, नंगली डेयरी, पालम, रोहिणी समेत अन्य इलाकों में बड़ी संख्या में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। कारीगरों के मुताबिक बारिश को ध्यान में रखते हुए पुतले में इस्तेमाल होने वाले रंगीन वाटरप्रूफ कागज को जापान से मंगवाया गया है। सुभाष नगर के तितारपुर के पास चार दशक से रावण का पुतला बना रहे कारीगर सत्यपाल राय ने बताया, जापान से मंगवाए गया कागज रंग नहीं छोड़ता। इससे बने पुतलों की चमक फीकी नहीं पड़ती है। इसके अलावा अगर यह कागज गीला भी हो जाता है, तो इसमें सिलवटें नहीं पड़तीं।
विदेश निर्यात हो रहे छोटे पुतले
तितारपुर के अन्य कारीगर विक्की ने बताया राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब जैसे राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, कनाडा तक ऑर्डर भेजते हैं। इस साल पहली बार विदेशी भारतीयों की मांग पर छोटे रावण पुतले विदेश निर्यात हो रहे हैं। 50 साल से रावण के पुतले बना रहे 76 वर्षीय महेंद्र रावण वाले इस कला में रत हैं, उन्होंने बताया कि पुतले सिर्फ जलते ही नहीं, बल्कि अच्छाई की जीत का प्रतीक बनते हैं।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर तैयार किए गए
पर्यावरण संरक्षण के दौर में तितारपुर में तैयार पुतले अहम भूमिका निभा रहे हैं। कारीगर प्रवीण तंवर बताते हैं कि वह एलईडी लाइट्स भी लगाते हैं, जो अंधेरे में चमकते हैं और बच्चों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने दावा करते हुए बताया कि ये पुतले 100 फीसदी रीसाइकिलेबल हैं, इसे जलाने के बाद बचा बांस फिर से इस्तेमाल हो जाता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के कई आरडब्ल्यूए इस साल लेजर शो के साथ इन इको-फ्रेंडली पुतलों को चुन रहे हैं, ताकि प्रदूषण कम हो।
10-12 प्रकार के पुतले, डिजाइन में भी नहीं कोई कमी
42 साल से रावण के पुतले बना रहे एक कलाकार ने बताया कि यहां 10 से 12 प्रकार के पुतले बनते हैं। छोटे बच्चों वाले एक से दो फीट, मध्यम घरेलू तीन से पांच फीट और बड़े रावण 50 से 200 फीट तक के बनाए जाते हैं। इनमें रावण के अलावा मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि खास डिजाइन में एलईडी लाइट्स, घूमते हाथ, आंसू बहते आंखें या तलवार लहराते वाले रावण मिलते हैं। छोटा पुतला 100 से 200 रुपये, मध्यम 500 से 1000 और बड़ा 35,000 तक का है।
गदा वाला पुतला भी हो रहा तैयार
वहीं, कुछ पुतला निर्माता तो अपने पुतलों के विदेश तक जाने का दावा कर रहे हैं। इसके अलावा गोल मटोल रावण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। वहीं, सिर में सींग वाला रावण भी हटकर है। रावण के पुतले के साथ एक्सपेरिमेंट करने वाले पुतला निर्माता अमित कुमार बताते हैं कि यह रावण उन्होंने एक ग्राहक की मांग पर बनाया है। वहीं, सींग वाला रावण बनाने वाले पवन सिंह कहते हैं कि ग्राहक जैसी मांग करते हैं, हम उसी हिसाब से माल तैयार करते हैं।