नई दिल्ली। मोहन गार्डन में एक कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय और उसका चचेरा भाई घायल हो गया। घायल सूरज कुमार और विनेश को पुलिस पास के अस्पताल में लेकर गई जहां सूरज को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि विनेश की जांघ की हड्डी टूटने की वजह से उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के दो दिन बाद पीड़ित के बयान देने पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।
सूरज द्वारका के सेक्टर-16बी में रहता है। वह जोमैटो में डिलीवरी बॉय है। थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में सूरज ने बताया कि वह चचेरे भाई विनेश के साथ 13 अगस्त की रात स्कूटी से दोस्त दीपू से मिलने जा रहा था। द्वारका मोड़ पर पिलर संख्या 804 के पास सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय पीसीआर वैन मौके पर मौजूद थी। पीसीआर कर्मी दोनों को पास के इंदिरा गांधी अस्पताल में लेकर गए। वहीं मौके पर मौजूद कार चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान सतेंद्र कुमार के रूप में हुई लेकिन शिकायत नहीं होने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। ब्यूरो