फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में पारा 33 डिग्री के पार, तपिश बढ़ी, दूसरे दिन भी 14 वर्षों में सबसे गर्म रही राजधानी

Thu, 25 Feb 2021 08:42 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली का मौसम - फोटो : सुदर्शन झा
विज्ञापन

राजधानी में गर्मी रोज नया रिकॉर्ड कायम कर रही है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली पिछले 14 वर्षों में सबसे गर्म रही। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी तेज धूप की तपिश के साथ गर्मी और बढ़ेगी और तापमान 34 तक पहुंच सकता है।

विज्ञापन


प्रादेशिक मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दिल्ली के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स इलाके में सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा लोदी रोड में अधिकतम तापमान 32.6 व न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में हवा में नमी का अधिकतम स्तर 100 व न्यूनतम 45 फीसदी रहा।  
विज्ञापन


इससे पहले 10 फरवरी को 30 डिग्री सेल्सियस के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा था। वहीं, अब तक का ऑल टाइम रिकॉर्ड 26 फरवरी 2006 को 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा है। 

बहुत खराब श्रेणी में बरकरार एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर को प्रदूषित हवा से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। गुरुवार को भी दिल्ली की हवा खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में बनी रही। वहीं, एनसीआर में शामिल गाजियाबाद व ग्रेटर नोएडा की हवा बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई। अगले 24 घंटों में हवा की स्थिति यही रहेगी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, गुरुवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 298 रहा। वहीं, दूसरे दिन फरीदाबाद की हवा बहुत खराब श्रेणी से खराब श्रेणी में पहुंच गई। इसके अलावा गाजियाबाद व ग्रेटर नोएडा की हवा ने दूसरे दिन भी बहुत खराब श्रेणी का दामन थामे रखा। 

सफर के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग प्रदूषण के कारणों से पीएम 2.5 का स्तर भी अलग बना हुआ है। हालांकि, अगले 24 घंटों में हवा की स्थिति में खास बदलाव नहीं आने वाला है। इसके बाद चढ़ते पारे के साथ हवा की गुणवत्ता में सुधार होने की संभावना है। 
विज्ञापन


दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े
दिल्ली-298
नोएडा-292
ग्रेटर नोएडा-303
फरीदाबाद-286
गाजियाबाद-346
गुरुग्राम-251

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें