फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में मौसम के रंग : महीने के पहले ही दिन कई रिकॉर्ड ध्वस्त, बारिश ज्यादा-तापमान कम

Wed, 02 Jun 2021 02:39 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

  • न्यूनतम तापमान अब तक का सबसे कम
  • सामान्य से 10 कम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
  • मंगलवार की बारिश चार साल में सबसे ज्यादा
विज्ञापन
demo pic... - फोटो : pexel
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मई में कई रिकॉर्ड ध्वस्त करने के बाद जून के पहले ही दिन न्यूनतम तापमान अब तक का सबसे कम दर्ज किया गया। यही नहीं, बारिश ने भी चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 7 कम 33.6 और न्यूनतम सामान्य से 10 कम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जून में अब तक का सबसे कम है। इससे पहले 17 जून 2006 को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उधर, 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर अधिकतम 100 और न्यूनतम 49 फीसदी रहा।

विज्ञापन


जून के पहले दिन ही बारिश भी 4 साल में सबसे अधिक दर्ज हुई है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 15.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। इससे पहले वर्ष 2017 में 11.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई थी। अगले 24 घंटे भी बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद गर्मी बढ़ने का अनुमान है। सोमवार रात मौसम ने एकाएक करवट ली और रात करीब 12 बजे दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं चलने लगीं। इसके करीब आधे घंटे बाद शुरू हुआ बारिश की सिलसिला रात ढाई बजे तक चला। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कुल 15.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। 

सबसे अधिक बारिश पालम में 16.4 मिमी रिकॉर्ड हुई। सुबह बारिश थमने के बाद भी बादलों से घिरे सूर्यदेव के तेवर दिनभर ढीले रहे। दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूरज निकला, लेकिन इससे खास गर्मी महसूस नहीं हुई। शाम होते-होते मौसम एक बार फिर सुहाना हो गया। इस साल पश्चिमी विक्षोभ के बार-बार सक्रिय होने की वजह से दिल्ली-एनसीआर वालों के गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि, अनुमान है कि अगले 24 घंटे के बाद मौसम गर्म होने की शुरुआत होगी। सप्ताह के अंत तक तापमान 40 का आंकड़ा छू सकता है। 
विज्ञापन


धूलभरी आंधी से हवा औसत श्रेणी में
मौसम के बदले मिजाज के साथ चली धूल भरी आंधी के कारण दिल्ली-एनसीआर की हवा औसत श्रेणी में दर्ज हुई। इसमें अगले दो दिन बदलाव होने की संभावना नहीं है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 115 दर्ज किया गया। एक्यूआई फरीदाबाद में 174, गाजियाबाद में 122, ग्रेटर नोएडा में 138, गुरुग्राम में 112 और नोएडा में 127 दर्ज हुआ। सफर के मुताबिक, इस समय हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी बनी हुई है। साथ ही, धूूल भरी आंधी की वजह से हवा में पीएम 10 का स्तर भी बढ़ा हुआ है। पिछले 24 घंटे में हवा में पीएम10 159 व पीएम2.5 47 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें