दिल्ली में सोमवार से बाजार खुलने से पहले नगर निगमों ने विभिन्न मार्केट में पहुंचकर सैनिटाइजेशन की शुरुआत कर दी है। प्रत्येक सप्ताह तीन से चार बार दिल्ली के प्रमुख बाजारों को सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए अलसुबह ही सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे दुकानदारों व ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उत्तरी निगम महापौर जयप्रकाश ने रविवार को सदर बाजार स्थित बारह टूटी चौक पर अनलॉक से पहले सैनिटाइजेशन की शुरुआत की। निगम ने डीप्टी गंज, कुतुब रोड, बहादुरगढ़ रोड, गली बरना, बारह टूटी चौक, पहाड़ी धीरज व रूई मंडी में सभी दुकानों पर सैनिटाइजेशन किया। महापौर ने कहा कि बाजारों में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यह एक निवारक कदम है। भविष्य में भी नियमित अंतराल पर बाजारों को सैनिटाइज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सैनिटाइजेशन प्रक्रिया के लिए करीब 94 स्प्रींकलर तैनात किए गए हैं। राजधानी में कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए टैंकरों को प्रतिदिन 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, दक्षिणी निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बाजार खुलने से पहले निगम ने सैनिटाइजेशन के लिए एक खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत प्रत्येक बाजार में दो से तीन दिन के अंतराल पर टैंकर सैनिटाइजेशन के लिए पहुंचेगा। इसके तहत बड़ों के साथ छोटे बाजारों को भी कवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दक्षिणी निगम के तहत सरोजनी नगर मार्केट, खान मार्केट, कोटला मार्केट, साउथ एक्स, लाजपत नगर व ग्रेटर कैलाश की एम ब्लॉक मार्केट से इसकी शुरुआत की जाएगी।
पूर्वी निगम महापौर निर्मल जैन ने कहा कि निगम का मलेरिया और अभियांत्रिकी विभाग सैनिटाजेशन के काम में लगा हुआ है। अभियांत्रिकी विभाग को बड़े बाजारों को सैनिटाइज करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मलेरिया विभाग रिहायशी कॉलोनियों को सैनिटाइज कर रहा है। उन्होंने बताया कि बाजारों को अलसुबह सैनिटाइज करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत विकास मार्ग, बाबर पुर ,कृष्णा नगर, गांधी नगर, रोहताश नगर, छोटा बाजार, शाहदरा, भजनपुरा, यमुना विहार, खुरेजी समेत अन्य बाजारों को कवर किया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों को भी निर्देश भी जारी किए गए हैं।