फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जंगपुरा में बनेगा दिल्ली का पहला पेट पार्क, दक्षिणी निगम जल्द देगा सौगात

Sat, 18 Sep 2021 04:00 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

सार

यदि कोई परिवार एक दिन के लिए कहीं बाहर जाना चाहता है और पालतू जानवर की देखभाल के लिए कोई नहीं है तो वह बेफिक्र होकर पेट पार्क में उसे छोड़ सकेगा।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर। - फोटो : Pixabay
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दक्षिणी नगर निगम पहली बार पालतू जानवरों के मालिकों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। इसके तहत जंगपुरा में एक एकड़ में पहला पेट पार्क बनाया जाएगा। यदि कोई परिवार एक दिन के लिए कहीं बाहर जाना चाहता है और पालतू जानवर की देखभाल के लिए कोई नहीं है तो वह बेफिक्र होकर पेट पार्क में उसे छोड़ सकेगा, जहां निगम की ओर से उसे प्यार और लाड़-दुलार के साथ रहने, खाने, खेलने, तैराकी, चिकित्सा और ट्रिक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विज्ञापन


उद्यान विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में दक्षिणी निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती ने बताया कि जंगपुरा में मार्च-2022 तक यह पार्क बनकर तैयार हो जाएगा। इसे बनाने के लिए जंगपुरा में दो जगह देखी गई हैं। पार्क में कई पालतू जानवरों के लिए अनुकूल सुविधाएं और गतिविधियां विकसित की जाएंगी। एसडीएमसी के बागवानी निदेशक आलोक सिंह के मुताबिक, इस तरह की सुविधा विकसित करने की अवधारणा बंगलूरू और ग्रेटर हैदराबाद में डॉग पार्क से ली गई है। 

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पार्क में डॉग ट्रेल, दौड़ने के लिए जगह, तैराकी, खुदाई, ट्रेलिंग और कुत्तों के लिए ट्रिक्स जैसी सुविधाएं होंगी। पार्क में शौच के लिए एक समर्पित स्थान होगा और बैग में पालतू जानवरों के मल को इकट्ठा करने के लिए अपशिष्ट बैग डिस्पेंसर का प्रावधान होगा। इस तरह के कचरे को इकट्ठा करने के लिए ढके हुए कूड़ेदान लगाए जाएंगे। पार्क में आगंतुकों के आराम करने के लिए एक कैफेटेरिया का भी प्रावधान है। तमाम सुविधाओं के लिए आगंतुकों को एक शुल्क देना होगा, जो अभी तय किया जाना है।
विज्ञापन


दो चिल्ड्रेन पार्क का भी मिलेगा तोहफा
दक्षिणी निगम ग्रेटर कैलाश-1 में बनाए अपने नंदन वन पार्क की तर्ज पर न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी के ईश्वर नगर में दो एकड़ क्षेत्रफल में नंदन वन पार्क-2 बना रहा है। इसी प्रकार द्वारका सेक्टर-19 में पौने तीन एकड़ में वुडलैंड ऐडवेंचर पार्क बना रहा है। ये पार्क कंटेनरों को मॉडिफाई करके बनाया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि 15 नवंबर तक दो चिल्ड्रेन पार्कों की सौगात मिलेगी।

डीडीए के 50 पार्क चमकाएगा निगम
दक्षिणी निगम ने हाल ही में डीडीए से तीन एकड़ से कम क्षेत्रफल के 50 पार्क लिए हैं। आयुक्त ने बताया कि हॉर्टिकल्चर विभाग चार महीने के भीतर इन पार्कों को चमकाएगा। अभी इन पार्कों में हरियाली कम है, लेकिन निगम ने इन्हें हरा-भरा करने के लिए योजना बनाई है।

गिफ्ट अ ट्री प्रोग्राम से बनेगी बात
दक्षिणी निगम ने 20 पार्कों को संरक्षित किया है, जहां लोग अपनी मर्जी से पौधे लगा सकते हैं। जन्मदिन, शादी सालगिरह, अन्य शुभ अवसरों, दुनिया में नहीं रहे परिजनों की याद में लोग इन पार्कों में आकर पौधरोपण कर सकते हैं। इन पौधों के ट्री-गार्ड पर नागरिकों की नेम प्लेट भी लगाई जाएगी। पौधरोपण करने वाले शख्स को प्रमाण पत्र भी मिलेगा।

भारत दर्शन पार्क भी लुभाएगा
दक्षिणी निगम के बड़े पार्कों में से एक पंजाबी बाग में करीब बनकर तैयार भारत दर्शन पार्क इसी महीने नागरिकों की सेवा में खुलने जा रहा है। वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर बने इस पार्क को देखने के लिए फीस निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। आयुक्त ने कहा वेस्ट टू वंडर पार्क के लिए 50 रुपये फीस तय है, ऐसे में भारत दर्शन पार्क के लिए कम से कम 100 रुपये फीस होनी चाहिए। यहां पर वेस्ट टू वंडर पार्क के मुकाबले तीन गुना ज्यादा ऐतिहासिक इमारतों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं। 16 ऐतिहासिक इमारतों की कृतियां बन चुकी हैं। चार धाम बद्रीनाथ, जगन्नाथपुरी, द्वारकाधीश और रामेश्वरम मंदिर की प्रतिकृतियां भी बनाई जा रही हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें