21 दिन बाद दिल्ली में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के नए मामलों में इजाफा हुआ है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक दिन में 42 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 45 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया है। इस दौरान एक भी मरीज की कोरोना संक्रमण से मौत नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले एक दिन में 63,174 सैंपल की जांच में 0.07 फीसदी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ ही दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 14,39,751 हो चुकी है जिनमें से 14,14,315 मरीज ठीक हो चुके हैं। 25,091 मरीजों की मौत हो चुकी है। हर दिन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से कुल सक्रिय मामले भी अब 345 हो चुके हैं जिनमें से 115 मरीज अपने अपने घरों में आइसोलेश्सान में हैं वहीं 188 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या अभी 90 तक पहुंच गई है। विभाग के अनुसार सात अक्तूबर को एक दिन में 44 मामले सामने आए थे। इसके बाद अब सबसे अधिक मामले देखने को मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह असर कहीं न कहीं त्योहारों को लेकर देखने को मिल रहा है लेकिन सटीक आकलन के लिए करीब सप्ताह या फिर दो सप्ताह की स्थिति देखना जरूरी है।