दिल्ली की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। केजरीवाल ने दावा किया है कि भाजपा 800 करोड़ में उसके विधायक खरीदने की कोशिश कर रही है। भाजपा ने केजरी के इस दावे को फिल्मी स्क्रिप्ट करार दिया है। उधर, आप विधायक दल की बैठक में पहुंचने और न पहुंचने वाले विधायकों का कहना है कि वे मरते दम तक केजरीवाल के साथ रहेंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि दिल्ली सरकार को गिराने के लिए भाजपा का 800 करोड़ रुपये का बजट है। उसकी मंशा 20-20 करोड़ रुपये देकर आप 40 विधायकों को तोड़ने की है। उन्होंने सवाल किया, इतनी बड़ी रकम कहां से मिली और रखी कहां है? इससे पहले, केजरीवाल ने विधायकों के साथ राजघाट पहुंच महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
केजरीवाल ने कहा, भाजपा वालों ने महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक व मध्यप्रदेश की सरकार गिरा दी। अब दिल्ली में कोशिश कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ झूठा केस कराया। सीबीआई छापे पड़वाए। पिछले जन्मों के पुण्य का नतीजा है कि सिसोदिया जैसे साथी मिले।
विधायक बोले-आखिरी सांस तक केजरीवाल के साथ
आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा का ऑपरेशन लोटस फेल कर दिया है। दिल्ली की आप सरकार को कोई खतरा नहीं है। मुख्यमंत्री आवास पर बृहस्पतिवार को आप विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से कहा कि वे आखिरी सांस तक केजरीवाल के साथ हैं। हालांकि बैठक सेे पहले कुछ विधायकों से संपर्क नहीं होने पर आप में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस बीच सभी विधायकों से बात होने पर आप नेतृत्व ने राहत की सांस ली।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आप ने सभी विधायकों को 11 बजे बुलाया था। विधायक 10 बजे से ही पहुंचने लग गए। बैठक में आप के 62 में से 53 विधायक शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल विदेश गए हैं और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हिमाचल प्रदेश गए हुए हैं। विधायक विनय मिश्रा, दिनेश मोहनिया, मुकेश अहलावत, गुलाब सिंह यादव, शिवचरण गोयल और अमानतुल्लाह फोन के जरिये बैठक में शामिल हुए। करीब 45 मिनट तक चली बैठक के बाद सभी विधायकों ने एकमत होकर मुख्यमंत्री केजरीवाल में विश्वास जताया।
इस दौरान 12 विधायकों ने बताया कि उनसे भाजपा के किसी न किसी व्यक्ति ने आप से नाता तुड़वाने के लिए संपर्क किया। बैठक में फैसला लिया गया कि मुख्यमंत्री व सभी विधायक महात्मा गांधी की समाधि पर जाएंगे। वहां देश को ऑपरेशन लोटस से बचाने के लिए महात्मा गांधी से प्रार्थना करेंगे।
असल घोटाला ‘ऑपरेशन लोटस’
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के लोग आबकारी नीति में अलग-अलग घोटाले की बात कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि एक करोड़ का घोटाला हुआ। कोई यह रकम 144 करोड़, 800 करोड़, 1100 करोड़ और 1.5 लाख करोड़ तक गिना रहा है। सब घोटाला-घोटाला कर रहे हैं, जबकि हुआ कुछ भी नहीं है। कोई घोटाला नहीं है। सब बकवास है। असल घोटाला तो ‘ऑपरेशन लोटस’ है, जिसके एवज में उन लोगों में दिल्ली के लिए 800 करोड़ रखा हुआ है।
आप के नेता नाटक में माहिर : तिवारी
आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा कि आप का आरोप फिल्मी स्क्रिप्ट है। आप के नेता नाटक करने में माहिर हैं। उन्होंने कहा, जो लोग आबकारी नीति के तहत ‘वन प्लस वन’ योजना पेश करते थे, अब पाप से मुक्त होने राजघाट जा रहे हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आप विधायकों के राजघाट जाने के कुछ घंटों बाद भाजपा नेताओं ने वहां गंगाजल का छिड़काव किया। केजरीवाल घोटाले से ध्यान हटाने के लिए बार-बार झूठ बोल रहे हैं। सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा, अगर आप विधायकों को कोई पेशकश कर रहा होता, तो केजरीवाल एक मिनट में नाम सार्वजनिक कर देते। पर, कोई ऑफर ही नहीं है, तो नाम कैसे बताएंगे।