पुरूषोत्तम वर्मा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में आरोपी ओलंपियन सुशील कुमार को लेकर गेंद दिल्ली सरकार के पाले में भी डाल दी है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर सुशील के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। दूसरी तरफ हत्याकांड मामले में छोटी धाराएं लगाने के लिए विशेष पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी ने काफी दबाव डाला था। सुशील ने इस अधिकारी से दबाव डलवाया था। ये बात भी सामने आई है कि सुशील एक दिन के लिए हरिद्वार गया था। बात नहीं बनने पर वह वापस आ गया था।
दिल्ली पुलिस के एक संयुक्त पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी ने बताया कि सुशील कुमार रेलवे में तैनात है। वह डेपुटेशन पर छत्रसाल स्टेडियम के ओएसडी के पद पर तैनात है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने दिल्ली सरकार की शिक्षा एवं खेल विभाग की उपनिदेशक व छत्रसाल स्टेडियम की प्रशासक आशा अग्रवाल को एक दिन पहले पत्र लिखा है। सुशील के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
दिल्ली पुलिस ने उपनिदेशक को पत्र लिखकर बताया है कि सुशील कुमार हत्या के केस में वांछित है और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। अब देखना ये है कि दिल्ली सरकार ओलंपियन सुशील कुमार के खिलाफ कब तक कार्रवाई करती है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वारदात के समय दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त स्तर के अधिकारी ने जिले के पुलिस अधिकारियों पर दबाव डाला था। उसने सुशील के खिलाफ धारा 302 (हत्या) के बजाय 304 (गैर इरादतन हत्या) में मामला दर्ज करने का दबाव डाला था। इस कारण मामला दर्ज करने में काफी देरी हुई थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस के कई अधिकारी सामने-सामने हो गए हैं।
विशेष पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी ने ये भी दबाव डाला था कि सुशील के खिलाफ आईपीसी की धारा 365 (अपहरण) न लगे। सुशील अपने साथियों के साथ सागर को माडल टॉउन से उठाकर छत्रसाल स्टेडियम ले गया था। ऐसे में अपहरण की धारा लगनी थी।
सुशील कुमार हरिद्वार गया था
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सागर की हत्या के कुछ दिन बाद सुशील हरिद्वार गया था। वह सुबह हरिद्वार गया था। बात नहीं बनी तो वह वापस आ गया था। बताया जा रहा है कि वह यहां पर कई लोगों से मिला था। इन लोगों ने सुशील की सहायता करने से मना कर दिया।
सोनीपत व मेरठ के पास घूम रहा है सुशील
अधिकारियों के अनुसार सुशील कुमार की अब लोकेशन मेरठ व सोनीपत के आसपास आ रही है। वह ज्यादातर सोनीपत, मेरठ व झज्जर घूम रहा है। सुशील इस फिराक में है कि वह इस मामले में गिरफ्तार न हो और उसे अग्रिम जमानत मिल जाए।
करीब 40 लोगों से पुलिस कर चुकी है पूछताछ
अधिकारियों के अनुसार दिल्ली पुलिस सागर हत्याकांड में सुशील को पकड़ने के लिए सोनीपत के दिनेश व भूरा समेत करीब 40 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने शुक्रवार को भी कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा था। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले के ज्यादातर वरिष्ठ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हैं। इस कारण सुशील को गिरफ्तार करने में देरी हो रही है।
सुशील के खिलाफ गैर-जमानती वारंट लेगी पुलिस
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुशील के खिलाफ गैर-जमानती वारंट लेने के लिए दिल्ली पुलिस एक-दो दिन में कोर्ट जाएगी। गैर जमानती वारंट लेने के बाद सुशील को गिरफ्तार किया जाएगा।
गैंगस्टर से सांठगांठ की पुलिस कर रही जांच
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि सुशील की कुछ गैंगस्टर से सांठगांठ है। ऐसे में पुलिस सुशील के मोबाइल सर्विलांस के आधार पर गैंगस्टर से सांठगांठ की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि कुछ गैंगस्टर की सुशील सहायता करता रहा है।