नई दिल्ली। नितीश कटारा हत्याकांड मामले में मृतक की मां नीलम कटारा को देहरादून से दिल्ली आने के दौरान चौबीस घंटे पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट को यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए उन्हें 72 घंटे पहले ईमेल के जरिये अपने कार्यक्रम की सूचना देनी होगी। नीलम कटारा ने अपनी जान को खतरा बताते हुए दिल्ली व देहरादून में सुरक्षा देने का आग्रह किया है।
न्यायमूर्ति योगेश खन्ना के समक्ष पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पुलिस अधिकारी उस आवास की सुरक्षा भी करेंगे जहां वह चिकित्सा उपचार या अदालती मामलों के लिए दिल्ली यात्रा के दौरान रहेंगी। वहीं केंद्र सरकार ने उच्च न्यायालय को बताया था कि उत्तराखंड सरकार को याची की सुरक्षा के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अदालत ने पुलिस व केंद्र के तर्क सुनने के बाद याचिका का निपटारा कर दिया।
नितीश कटारा की हत्या के मामले में विकास यादव व विशाल यादव 25 वर्ष कैद की सजा काट रहे हैं। वहीं तीसरे आरोपी सुखदेव पहलवान को 20 वर्ष कैद की सजा मिली है। यह हत्या विकास की बहन भारती यादव से नितीश के संबंधों के कारण की गई थी।
नीलम कटारा ने दायर याचिका में तर्क रखा था कि वह वित्तीय व अन्य कारणों से दिल्ली से देहरादून रहने चली गई हैं। याची ने कहा कि उसे अदालत में केस के सिलसिले व अन्य कारणों से दिल्ली आना पड़ता है। वहीं उनकी जान को खतरा देखते हुए देहरादून में भी सुरक्षा प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार को निर्देश दिया जाए। उन्होंने कहा विकास यादव बाहुबली डीपी यादव का पुत्र है और वे प्रभावशाली हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा जरूरी है।