नई दिल्ली। निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिला आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद किस कैटेगरी में कितने आवेदन आए इसका विश्लेषण शुरू होगा। इसके आधार पर अब स्कूलों में अभिभावकों को दस्तावेज की वेरिफिकेशन के लिए बुुलाया जाएगा। जहां कुछ स्कूलों ने बुधवार से बुलाना शुरू कर दिया। वहीं कुछ स्कूल जल्द ही अपने शेड्यूल जारी कर देंगे। दाखिले की पहली सूची 20 मार्च को ही जारी की जाएगी।
पहली सूची जारी करने से पहले स्कूलों को 15 मार्च को मानकों में मिले अंकों के आधार पर बच्चों की सूची जारी करनी है। इस सूची से साफ होगा कि किस क्राइटेरिया में किस बच्चे को कितने अंक मिले हैं। डीपीएस ईस्ट ऑफ कैलाश ने दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के लिए अभिभावकों को बुलाया। हालांकि माता-पिता का आधार कार्ड अलग-अलग पते पर बना होने के कारण अभिभावकों को परेशानी हुई।
एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा कहते हैं कि दस्तावेज वेरिफिकेशन के लिए अगले सप्ताह तक स्कूल बुलाना शुरू कर देंगे। अभिभावकों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि माता-पिता का आधार एक ही पते का बना होना चाहिए। स्कूल बच्चे को शॉर्ट लिस्ट करने पर ही अभिभावकों को दस्तावेज की जांच के लिए बुलाते हैं। वहीं कई बड़े स्कूल वेरिफिकेशन करने के लिए बच्चे के घर पहुंचते हैं, जिससे पता चल सके कि किसी दूसरे पते पर तो अभिभावक नहीं रह रहे।
स्कूल अभिभावकों को वेरिफिकेशन के लिए मूल दस्तावेज के साथ-साथ फोटोकॉपी लाने के लिए भी कहते हैं। चूंकि अभी आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने में एक दिन है लेकिन स्कूलों में महज कुछ सीटों पर ही हजारों आवेदन स्कूलों को प्राप्त हो चुके हैं। ऐसे में कुछ स्कूलों में तो लॉटरी की स्थिति बनेगी।