छत्रसाल स्टेडियम में चार मई की रात को हुए सागर धनकड़ हत्याकांड मामले में दिल्ली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्याकांड के बाद से फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सागर हत्याकांड से जुड़े आठ आरोपी पुलिस ने अब तक गिरफ्तार कर लिए हैं। इनमें पहलवान सुशील कुमार भी शामिल है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को रोहित करोर नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इससे पहले ओलंपियन सुशील कुमार के करीबी और काला असौदा-नीरज बवानिया गैंग के चार बदमाशों को रोहिणी जिला के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव खेड़ी जसौर, झज्जर, हरियाणा निवासी भूपेंद्र उर्फ भूपी (38), गांव असौदा, झज्जर निवासी मोहित उर्फ भोली (22), गुलाब उर्फ पहलवान (24) और गांव खरावर, रोहतक निवासी मनजीत उर्फ चुन्नीलाल (29) के रूप में हुई थी।
सागर की हत्या के बाद से सभी चारों आरोपी फरार थे। अदालत ने इन सभी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया हुआ था। वारदात वाले दिन घटना स्थल से पकड़ा गया प्रिंस दलाल इनका ही साथी था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने खुलासा किया है कि सभी सुशील के कहने पर उस दिन छत्रसाल स्टेडियम पहुंचे थे।