नई दिल्ली। एमटीएनएल की कॉपर केबल चोरी के मामले में बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनसे करीब आठ लाख रुपये की केबल और एक वैन बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान वजीरपुर निवासी नूर सलाम, नईम व मोहम्मद शाहिद के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार की रात पुलिस मदनपुर खादर में गश्त पर थी। करीब दस बजे पुलिस ने एक सूचना पर वैन को रुकवा लिया। चालक ने गाड़ी रोक अपने दो साथियों के संग वहां से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर इन तीनों को दबोच लिया। वैन में चोरी की टेलीफोन केबल मिली। केबल चोरी की शिकायत एमटीएनएल की ओर से सरिता विहार थाने में ऑनलाइन दर्ज कराई गई थी।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया उन्होंने यह केबल मोहन को-ऑपरेटिव और जनता फ्लैट सरिता विहार के बीच चुराई थी। कटर की मदद से अंडर ग्राउंड केबल को टुकड़ों में काट चोरी किया गया। इस मामले में उनकी मदद पिलंजी में कबाड़ी का काम करने वाले इश्तिकार और तनवीर ने की थी। ये दोनों न्यू उस्मानपुर इलाके के रहने वाले हैं, जिन्हें पुलिस तलाश रही है।