नशा करने के दौरान अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए दो इंजीनियर युवक मादक पदार्थों के सप्लायर बन गए। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दोनों युवकों के साथ एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान कालकाजी दिल्ली निवासी रिद्म राणा (28), इसका दोस्त सूरजकुंड, फरीदाबाद निवासी सर्वेश चौधरी (27) और गांव वाली, मंडी, हिमाचल प्रदेश निवासी राकेश कुमार (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1206 ग्राम मलाना क्रीम के अलावा एक कार व ट्रक भी बरामद किया है।
पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरूआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी राकेश हिमाचल से मलाना क्रीम लाकर इन दोनों इंजीनियर को देता था। इसके बाद पांश इलाकों में दोनों मलाना क्रीम को सप्लाई कर दिया करते थे।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त बीके सिंह ने बताया कि उनकी टीम सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों का धंधा करने वाले आरोपी वसंतकुंज इलाके में फोर्टिस अस्पताल के पास आने वाले हैं। आरोपियों की जानकारी जुटाने के बाद पुलिस की टीम ने वहां छापेमारी की।