दिल्ली के संगम विहार में रहने वाला एक युवक अपनी पत्नी व दोस्त के साथ बाइक से झपटमारी करता था। तिगड़ी थाना पुलिस ने युवक व उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इसके दोस्त हिमांशु की तलाश कर रही है।
आरोपी युवक आस मोहम्मद उर्फ आशु पत्नी को साथ लेकर इसलिए झपटमारी करता था ताकि पुलिस को संदेह न हो। आस मोहम्मद के खिलाफ ओखला थाने में दस से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से एक दिन पहले छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार झपटमारी की वारदातों को देखते हुए एसीपी अखिलेश्वर स्वरूप यादव व थानाध्यक्ष रामफूल मीणा की देखरेख में इंस्पेक्टर राजेश कुमार, एसआई राकेश व हवदार सुरेन्द्र की टीम गठित की गई।
ये टीम 22 फरवरी को जब हुसैन चौक, तिगड़ी में गश्त कर रही थी तभी एसआई राकेश कुमार को झपटमारी करने वाले आस मोहम्मद व उसकी पत्नी काजल के बारे में सूचना मिली थी। एसआई राकेश की टीम ने तिगड़ी टीम पाइंट एमबी रोड पर घेराबंदी पति एल-ब्लाक, चर्च कॉलोनी, संगम विहार निवासी आस मोहम्मद(22) और उसकी पत्नी काजल(20) को गिरफ्तार कर लिया।