निजी स्कूलों में नर्सरी में दाखिले का ताला लॉटरी(ड्रॉ ऑफ लॉट्स) से खुलेगा। कुछ स्कूलों ने अपने यहां लॉटरी के शेड्यूल को जारी करना शुरू कर दिया है। वहीं मंगलवार से स्कूलों को उन बच्चों की सूची जारी करनी है जिन्होंने उनके स्कूल में आवेदन किया है।
उसके बाद से अन्य स्कूल लॉटरी के शेड्यूल को जारी करना शुरू कर देंगे। सीटों की संख्या से ज्यादा आवेदकों के एक समान अंक प्राप्त करने के कारण लॉटरी की जाती है। कुछ स्कूल मानकों के आधार पर भी लॉटरी करेंगे।
पीतमपुरा स्थित रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल 11 व 12 मार्च को लॉटरी करने जा रही है। जिन बच्चों को मानकों के आधार पर 80 अंक मिले हैं उनकी लॉटरी 11 मार्च को, जिन्हें 90 अंक मिले हैं उनकी 12 मार्च को लॉटरी होगी। वहीं द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल मंगलवार से ड्रा ऑफ लॉट्स शुरू करने जा रहा है। इसकेसाथ-साथ स्कूलों में दस्तावेजों के सत्यापन भी शुरू हो गए हैं।
आरकेपुरम स्थित डीपीएस स्कूल 10 और 11 मार्च को दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। जबकि सरदार पटेल में भी कल से दस्तावेजों की जांच शुरू होने जा रही है। सत्यापन केबाद 15 मार्च को स्कूल मानकों में मिले अंकों के आधार पर बच्चों की सूची जारी करेंगे। जबकि 20 मार्च को दाखिला पाने वाले बच्चों की पहली सूची जारी की जाएगी। इसके बाद उन्हें फीस जमा करानी होगी।