राजधानी में अगले एक सप्ताह में कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण शुरू हो सकता है। सबसे पहले तीन लाख स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी। दिल्ली में टीकाकरण से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो से तीन दिन के अंदर वैक्सीन दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। जहां, एयरपोर्ट के भंडारण केंद्र में टीको को सुरक्षित रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ पूरी तैयारी कर चुके हैं। जैसे ही टीके एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से राजीव गांधी अस्पताल और सिविल लाइंस भंडारण केंद्र में कोल्ड चैन के जरिए वैक्सीन को लाया जाएगा। इन केंद्रों से वैक्सीन को बूथ तक लाया जाएगा। वैक्सीन दिल्ली में पहुंचते ही अगले एक-दो दिन में टीकाकरण शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 51 लाख लोगों को टीका लगेगा।
टीकाकरण का पूर्वाभ्यास सफल
इस बीच राजधानी कोरोना टीकाकरण के लिए पूरी तरह तैयार है। शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन का तीसरा टीकाकरण पूर्वाभ्यास भी सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इसमें वैक्सीन के भंडारण केंद्र से बूथ तक पहुंचने और लोगों को टीका लगाने तक की पूरी प्रक्रिया की गई। किसी भी अस्पताल में टीकाकरण के इस अभ्यास में कोई परेशानी नहीं आई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सभी 11 जिलों के कई अस्पतालों और हेल्थ क्लीनिक में पूर्वाभ्यास किया गया। इसका समय सुबह 9 से 11 बजे तक रहा। इस प्रक्रिया में प्रत्येक अस्पताल से 25-25 स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण का यह अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा हुआ। हालांकि, कुछ केंद्रों में तकनीकी खमियां देखने को मिली। इनका जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को भी करीब 10 स्थानों पर अभ्यास किया गया था।
एम्स के डॉक्टर विजय गुर्जर ने बताया कि टीकाकरण के लिए अस्पताल में एक विशेष बूथ बनाया गया है। यहीं लोगों को वैक्सीन की डोज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को हुए पूर्वाभ्यास में अस्पताल के 25 स्वास्थ्य कर्मचारी शामिल हुए। यहां सभी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई। सफदरजंग अस्पाल के डॉक्टर जुगल किशोर ने बताया कि वैक्सीन की डमी से अभ्यास किया गया। इस दौरान उन सभी मानकों का पालन किया, जो टीकाकरण के दौरान अपनाए जाएंगे।
सभी स्वास्थ्य कर्मियों के बूथ पर पहुंचने पर उनका पहचान पत्र जांचा गया। इसके बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। पंजीकरण की पुष्टि होने के बाद डमी टीका दिया गया। इसके बाद निरीक्षण कक्ष में भी बैठाया गया। उन्होंने बताया कि टीका लगने के बाद कर्मचारियों की जानकारी कोविन वेबसाइट पर भी डाली गई।
इन अस्पतालों में हुआ ड्राई रन:
इसमें दक्षिणी दिल्ली में एम्स, सफदरजंग, मदन मोहन मालवीय अस्पताल, सीताराम भाटिया समेत कई निजी अस्पाल शामिल रहे। वहीं, उत्तर पश्चिमी जिले में मैक्स साकेत अस्पताल, फोर्टिस, अग्रेसन अस्पताल और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर अस्पताल। नई दिल्ली जिले में रेलवे अस्पताल, फोर्टिस अस्पताल प्राइम्स अस्पताल और निगम के रंगपूरी स्थित स्कूल में अभ्यास किया गया। दक्षिणी पूर्वी जिले में बत्रा, फोर्टिस, हकिम अबदुल हमिद और इएसआई अस्पतालों में पूर्वाभ्यास किया गया।