राजधानी के होटलों व क्लबों में शराब पीने वालों के पास पूरी बोतल टेबल पर ऑर्डर करने का विकल्प होगा। दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की अगुवाई वाले मंत्री समूह ने आबकारी नीति में सुधार के लिए ऐसी कई सिफारिशें की हैं। अभी तक इन स्थानों पर पेग के हिसाब से शराब परोसी जाती है।
मंत्री समूह ने अपनी रिपोर्ट में ये साफ कर दिया है कि ये बार की जिम्मेदारी होगी कि उनके वहां से खरीदी गई बोतल को कोई बाहर न ले जा सके। राजधानी में एक हजार से अधिक होटल, रेस्तरां और क्लबों के पास शराब परोसने का लाइसेंस है।
मंत्री समूह का मानना है कि बार अपने ग्राहकों को अच्छी क्वालिटी की शराब देने के लिए पूरी बोतल उनकी टेबल पर सर्व कर सकता है। हालांकि ये बोतल ग्राहक बाहर लेकर नहीं जा सकेंगे। वहीं क्लबों को अतिरिक्त फीस का भुगतान करने पर अतिरिक्त काउंटर अपने यहां खोलने का भी विकल्प दिया गया है। इसके बाद दो काउंटर लगाए जा सकेंगे।
रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि टेरेस, बॉलकनी के अलावा रेस्तरां, क्लब और होटल के निचले हिस्से में शराब परोसने की अनुमति दी जा सकती है।