जाफरपुरकलां के उजवा गांव में सोमवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक पूर्व फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाशों ने फौजी को पांच गोली मारी, जिसमें से तीन गोली लगी। उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शुरूआती जांच में पता चला है कि बदमाश मृतक से उसके भाई के बारे में पूछताछ की और उसपर ताबड़तोड़ गोली चला दी। मृतक के भाई का आपराधिक रिकार्ड है। पुलिस गैंगवार की आशंका से इंकार नहीं कर रही है।
मृतक की शिनाख्त उजवा गांव निवासी मुकेश(43) के रूप में हुई है। मुकेश सेना से सेवानिवृत होने के बाद गांव में अपने परिवार के साथ रहता था और नौकरी की तलाश में था। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने घर के पास ही अपने चाचा ईश्वर सिंह व अन्य लोगों के साथ चौपाल में बैठा हुआ था। इसी दौरान काले रंग की अपाची बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। एक युवक बाइक से उतरकर चौपाल में गयना। जहां उसने मुकेश से उसके भाई राकेश के बारे में पूछा।
मुकेश ने बताया कि राकेश उसके साथ नहीं रहता है। यह सुनते ही बदमाश ने उसपर ताबड़तोड़ गोली चला दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते गोली चलाने वाला युवक बाइक पर बैठकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मुकेश को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। मृत घोषित किए जाने पर पसुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि मुकेश को पांच गोली मारी गई, जिसमें तीन गोलियां उसे लगी।
तफ्तीश करने के बाद पुलिस ने बताया कि मुकेश के भाई राकेश पर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जाफरपुर कलां थाने का घोषित बदमाश है। बदमाश जिस तरह से राकेश की तलाश कर रहे थे, इससे लग रहा है कि बदमाशों के निशाने पर राकेश था। बताया जा रहा है कि राकेश इलाके में सक्रिय गैंगस्टर मंजीत महल का नजदीकी है। जिससे पुलिस गैंगवार की आशंका से इंकार नहीं कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जांच में सीसीटीवी कैमरे में कैद बदमाशों की बाइक चोरी की निकली है। पुलिस हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।