पौधरोपण को थर्ड पार्टी ऑडिट से सुरक्षा
दिल्ली नगर निगम ने साफ किया है कि उसका लक्ष्य केवल पौधरोपण करने तक ही सीमित नहीं होगा, बल्कि लगाए गए पेड़ पौधों की उचित देखभाल भी की जाएगी। इसीलिए दिल्ली के तीनों निगमों ने एकीकरण से पहले पिछले पांच वर्षों में किए गए पौधरोपण का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया गया है। पूर्व के दक्षिणी एवं पूर्वी निगम ने पूसा रोड स्थित आईएआरआई को थर्ड पार्टी ऑडिट की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं पहले के उत्तरी निगम ने पौधरोपण के थर्ड पार्टी ऑडिट फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट देहरादून से कराया है।
जैविक खाद घर पर बनेगी तो बागवानी में हरियाली बढ़ेगी
होम कंपोस्टिंग बढ़ाने के लिए दिल्ली नगर निगम जन जागरूकता अभियान तेज करेगा। निगम को उम्मीद है कि इससे लोग घर पर पर्याप्त जैविक खाद बनाएंगे और इससे अपनी घरेलू बागवानी में हरियाली बढ़ा पाएंगे। निगम के विशेष अधिकारी और आयुक्त ने इसके लिए विशेष जोर दिया है। निगम उपायुक्तों को गंभीरता से काम करने के लिए कहा है।
दिल्ली नगर निगम के पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली में स्थित विभिन्न प्लांटों में गीले कचरे से जैविक खाद बनाने के प्लांट लगाए गए हैं। इसी तरह से टैगोर गार्डेन में चल रहे प्लांट में प्रतिदिन करीब पांच मीट्रिक टन कचरे से जैविक खाद तैयार की जाती है। यह जैविक खाद निगम के उद्यानों में इस्तेमाल की जा रही है। डीडीए के उद्यानों, स्कूलों, कॉलेजों में भी पौधों के लिए नियमित रूप से यह खाद इस्तेमाल हो रही है। निगम द्वारा बनाई जा रही यह जैविक खाद आम लोगों की पहुंच से अभी दूर है। लोगों को घर पर ही जैविक खाद उपलब्ध हो सके, इसके लिए दिल्ली नगर निगम अपने दक्षिणी और मध्य क्षेत्र की कई रिहायसी कॉलोनियों में होम कंपोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू कराने का प्रयास कर रहा है।
दिल्ली नगर निगम निजी क्षेत्र की कंपनी आईटीसी वाऊ के सहयोग से होम कंपोस्टिंग का कार्यक्रम चला रहा है। लाजपत नगर, ग्रेटर कैलाश कॉलोनी, कालकाजी और सरिता विहार में गीले कचरे से घर पर कंपोस्ट बनाने के लिए कई जगह प्रक्रिया शुरू की है। पिछले छह महीने से महिलाओं, बुजुर्गों को इसके लिए तैयार किया जा रहा है। निगम के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इसमें सफलता भी मिली है। लाजपत नगर में कई जगहों पर होम कंपोस्टिंग शुरू कराई है। एकीकृत नगर निगम होने पर यह प्रक्रिया धीमी पड़ गई थी। इसे फिर से तेज किया जा रहा है।
विशेष अधिकारी ने इसे बताया कारगर
दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार ने लाजपत नगर निगम हाट में होम कंपोस्टिंग की प्रक्रिया समझी और इसकी तारीफ की। उन्होंने इसे घर घर पहुंचाने पर जोर दिया। निगम कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह किसी तरह से नागरिकों को इसके लिए तैयार करें। निगम को इससे कचरे की ढुलाई में सहूलियत मिलेगी और लोगों को घर पर जैविक खाद मिलेगी, जिससे लोग अपने घरेलू बागवानी में हरियाली बढ़ा सकेंगे।
निगम जल्द शुरू करेगा मीटिंग
दिल्ली नगर निगम ने क्षेत्रीय उपायुक्त की निगरानी में स्थानीय लोगों के साथ बैठके जल्द शुरू होंगी। विशेष अधिकारी अश्वनी कुमार और निगम आयुक्त ज्ञानेश भारती का सफाई व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने पर विशेष जोर है। दोनों ही अधिकारियों ने सभी उपायुक्तों को यह जिम्मेदारी सौंपी है।