डाबड़ी इलाके में एक नेत्रहीन युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बस में यात्रा करने के दौरान पीड़ित गलत बस स्टॉप पर उतर गई। एक युवक ने सड़क पार करवाने के बहाने उसे सुनसान जगह पर ले गया और धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया और तकनीकी जांच की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान चाणक्य प्लेस पार्ट- वन निवासी चेतन खन्ना (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना 25 मई की है। युवती गलत बस स्टॉप पर उतर गई थी। वहां मौजूद एक युवक ने उसे बताया कि बस दूसरी तरफ से मिलेगी और वह उसे सड़क पार करवाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी पीड़िता से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। स्वाति मालीवाल ने कहा कि पशुवत मानसिकता की कोई सीमा नहीं है। वह लड़की की हर संभव मदद कर रहे हैं।