पश्चिम दिल्ली के ख्याला में थूककर तंदूर में रोटी लगाने का वीडियो अभी चर्चाओं में बना ही हुआ था कि अब इसी तरह का एक वीडियो भजनपुरा इलाके से सामने आ गया। किसी ने दूर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में तंदूर पर रोटी लगा रहा युवक पहले कच्ची रोटी पर थूकता है, इसके बाद उसे तंदूर में सिकने के लिए लगाया जाता है।
वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। फौरन मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर ली गई। थूककर रोटी लगाने वाले की पहचान खालिक और ढाबे के ठेकेदार असगर के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। भजनपुरा थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कितने दिनों से वारदात को अंजाम दे रहा था।
पुलिस के मुताबिक वीडियो भजनपुरा इलाके में नूरे-इलाही इलाके का का है। यहां असगर नामक शख्स ने ठेके पर मदीना के नाम से ढाबा लिया हुआ था। असगर बिहार के किशनगंज का रहने वाला है। रोटी लगाने के लिए इसने अपने यहां गांव के ही खालिक को रखा हुआ था। खालिक रोटी बनाते समय उस पर थूककर तंदूर में डालता था। किसी ने देखा तो इसका चुपचाप वीडियो बनाकर फेसबुक और दूसरी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाल दिया।
किसी ने भजनपुरा पुलिस का इस पर ध्यान दिलवाया तो पुलिस ने मामले को बहुत गंभीरता से लेते हुए मंगलवार रात को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनको कोर्ट में पेश कर दिया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।