कोरोना संक्रमण काल में जब अधिकतर लोग प्लाज्मा दान करने से कतरा रहे हैं। ऐसे में एक व्यक्ति ऐसा भी हैं जो अब तक पांच बार प्लाज्मा दान कर संक्रमितों की जान बचा चुके हैं। साथ ही वह संक्रमितों के परिजनों को निशुल्क राशन भी उपलब्ध कराते हैं।
गुरुग्राम के सेक्टर- 40 के रहने वाले दीपक शर्मा (40) अब तक दो बार कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। सबसे पहले वह पिछले साल अगस्त में संक्रमित हुए थे। उस दौरान उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें 10 दिन तक वेंटिलेटर पर रहना पड़ा था। हालांकि सकारात्मक सोच और कठिनाइयों से लड़ने के हौसले के चलते वह स्वस्थ हो गए। इसके बाद सितंबर से लेकर जनवरी तक लगातार चार बार प्लाज्मा दान किया था। तब दो बार एम्स में और दो बार दिल्ली के निजी अस्पतालों में प्लाज्मा दान किया था।
दीपक बताते हैं कि वह लोगों को प्लाज्मा के प्रति जागरूक करते हैं। कई अस्पतालों में जाकर लोगों से बात करते हैं। उन्होंने कोरोना मरीजों को अस्पतालों में भर्ती भी कराया था। इसी दौरान मार्च में वह दूसरी बार संक्रमित हो गए। इस बार संक्रमण गंभीर नहीं हुआ था और होम आइसोलेशन में ही स्वस्थ हो गए थे।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले एक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जानकारी मिली थी कि दिल्ली के द्वारका स्थित वेंकटेश्वर अस्पताल में एक मरीज को प्लाज्मा की जरूरत है। यह देखते ही वह तत्काल अस्पताल गए और अपना एंटीबॉडी जांच कराने के बाद प्लाज्मा दान किया। उन्होंने बताया कि कोरोना से दो बार संक्रमित होने के बाद वह अब तक पांच बार प्लाज्मा दान कर चुके हैं। आने वाले समय में भी वे अपने इस कार्य को जारी रखेंगे।
मरीजों के घर पहुंचाते हैं मुफ्त राशन
दीपक ने बताया कि वह एक गैर सरकारी संगठन के माध्यम से कोरोना संक्रमित मरीजों के घरों तक निशुल्क राशन पहुंचाते हैं ।इसके अलावा वह अब तक करीब 60 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करा चुके हैं ।