डेंगू और चिकनगुनिया का मुकाबला गंबूजिया मछली करेगी। दिल्ली नगर निगम ने 112 जगहों पर इस मछली को छोड़ा है। पानी में डेंगू का मच्छर जन्म लेने से पहले ही खत्म हो जाएगा। मच्छरों का लार्वा ही इस मछली का प्रिय भोजन है। इसके अलावा एमसीडी ने मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए 15 लाख लोगों के मोबाइल नंबरों पर संदेश भेजा है।
निगम ने जानकारी दी है कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से लड़ने के लिए उसने वृहद स्तर पर अभियान चलाया है। इस अभियान के अंतर्गत अबतक 10,438 घरों में मच्छरों का प्रजनन पाए जाने पर जुर्माने के रूप में 23,28,700 रुपये वसूले हैं। दिल्ली में तीन सितंबर तक डेंगू के 244 मामले आए हैं, जिनमें से 92 मामले निगम के अधिकारक्षेत्र में आए हैं। पिछले साल इस समय तक निगम अधिकारक्षेत्र में 72 मामले रिपोर्ट हुए थे।
निगम के जनस्वास्थ्य विभाग ने 14,972 आरडब्ल्यूए सभा,16,22,550 हैंडबिलों का वितरण, 4,60,800 स्टिकर चिपकाए, 3722 बैनर प्रदर्शित किए, 4872 पॉली फॉम चार्ट प्रदर्शित किए और 15 लाख मोबाइल नंबरों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने संबंधी संदेश भेजे हैं। डीबीसी कर्मचारियों ने 2,24,94,105 बार घरों का निरीक्षण किया, जिसमे से 96,982 घरों में मच्छरों का प्रजनन पाया गया। 8,28,707 घरों में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। निगम ने डीएमसी एक्ट के अंतर्गत मच्छरों के प्रजनन के 77,538 दोषियों को कानूनी नोटिस दिए, 26,320 के चालान किए हैं।