एक तरफ कोरोना वैक्सीन की कमी के चलते राजधानी के सरकारी टीकाकरण केंद्र बंद हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अब तक के टीकाकरण पर गौर करें तो उत्तर पश्चिमी जिला ने सर्वाधिक 6.34 लाख वैक्सीन की खुराक दी है, जबकि उत्तर पूर्वी जिला में केवल 3.15 लाख लोगों को ही वैक्सीन मिल सका। केंद्र के साथ साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 16 जनवरी से शुरू टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 36.79 लाख कोविशील्ड और 16.04 कोवाक्सिन दिल्ली में दी जा चुकी हैं।
10 मई को सबसे ज्यादा 1.41 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। अब तक 11.87 लाख लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी हैं। शहर में 23.71 लाख पुरुषों और 17.24 लाख महिलाओं को कम से कम एक खुराक दी गई है। उत्तर पश्चिमी जिले के अधिकारियों ने शुक्रवार दोपहर तक 6.34 लाख खुराकें दी हैं, जो शहर में अब तक की सबसे अधिक खुराक है। पश्चिमी दिल्ली जिले में 6.29 लाख वैक्सीन दिए गए हैं। इनके अलावा मध्य में 5.74 लाख, दक्षिणी जिला में 5.55 लाख और दक्षिण-पश्चिम जिले में 5.37 लाख खुराक दी गईं।
दक्षिणपूर्व जिले में अब तक 4.84 लाख खुराकें दी हैं। नई दिल्ली में यह आंकड़ा 4.68 लाख, उत्तरी दिल्ली में 3.74 लाख, शाहदरा में 3.73 लाख और पूर्वी दिल्ली में 3.34 लाख है। एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि जिलों में दी जाने वाली खुराक की संख्या टीकाकरण केंद्र और लाभार्थी पर निर्भर करती है। कुछ जिले ऐसे हैं जिनमें दूसरों की तुलना में अधिक ग्रामीण क्षेत्र हैं। ऐसी जगहों पर लोगों को शुरुआती चरणों में पंजीकरण को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली सरकार ने वैक्सीन की कमी के कारण बीते 22 मई को 18-44 आयु वर्ग के लिए टीकाकरण को निलंबित कर दिया था। जानकारी मिली है कि आगामी जून में फॉर्मा कंपनियों से इस श्रेणी के लिए शहर को लगभग 4 लाख और खुराक मिलने की संभावना है।