पिछले 177 दिनों से अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली की सीमाओं पर डटे किसानों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। किसान संगठनों का आरोप है कि कोरोना के नाम पर आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश लगातार की जा रही है। जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होती, आंदोलनकारी पीछे नहीं हटेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा के एक वरिष्ठ सदस्य ने आरोप लगाया कि दो दिन पहले पटियाला के किसान की मौत की वजह कोरोना से इसलिए बताई गई ताकि आंदोलन को कमजोर किया जा सके। उन्होंने दावा किया कि मांगे पूरी होने पर ही किसान घर लौटेंगे। किसान नेता का आरोप है कि सरकार ने न तो वैक्सीनेशन की शुरुआत की और न ही किसानों को किसी तरह की चिकित्सा सुविधा मुहैया की जा रही है। हालांकि 40 निजी डॉक्टरों के सहयोग से आंदोलकारियों सहित आसपास के ग्रामीणों की सेहत का भी ध्यान रखा जा रहा है।
संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेता बलवीर सिंह राजेवाल ने केंद्र और पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की सेहत का दोनों सरकारों से अधिक ध्यान रखा जा रहा है। कोविड से बचाव के लिए मास्क, काढ़ा, गरम पानी, विटामिन सी और डी की गोलियां आंदोलनकारियों को बांटी जा रही है जबकि सिंघु बॉर्डर पर 10 बेड का अस्पताल भी है। अगर, किसी आंदोलनकारी को ऑक्सीजन की जरूरत हो तो उसके लिए भी इंतजाम किए गए हैं।
किसानों की सेहत पर डॉक्टरों की लगातार नजर
आंदोलनकारियों की सेहत की देखभाल के लिए 40 डॉक्टरों की टीम है। इनमें एक डॉक्टर न्यू जर्सी से भारत पहुंचकर लगातार किसानों की सेवा में जुटे हुए हैं। राजेवाल ने कहा कि डॉक्टरों की टीम न केवल आंदोलनकारी बल्कि आसपास के ग्रामीणों को भी चिकित्सा सुविधा मुहैया कर रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्हाट्सएप पर गाली-गलौज और अश्लील वीडियो भी भेजे जा रहे हैं। रंगदारी नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। भाकियू के जिला प्रभारी गाजियाबाद की ओर से कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाकियू के गाजियाबाद जिला प्रभारी जय कुमार मलिक की ओर से कौशांबी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मोबाइल पर अलग अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। साथ ही व्हाट्सएप पर गाली गलौज और अश्लील वीडियो भेजे जा रहे हैं। उनका कहना है कि संभवत: ये अश्लील वीडियो तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बनाए गए हैं। कई बार इसे नजरअंदाज किया गया, लेकिन लगातार कॉल कर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
इसके साथ ही आरोप 11 हजार रुपये की रंगदारी भी मांग रहा है। रंगदारी नहीं देने पर व्हाट्सएप पर भेजे गए अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा है। जय कुमार की ओर से कौशांबी थाने में बृहस्पतिवार शाम को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नंबरों के आधार पर सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
जल्द नहीं पकड़े आरोपी तो नंबर करेंगे सार्वजनिक
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का पूरे मामले में कहना है कि जल्द ही अगर पुलिस आरोपी को पकड़कर घटना का खुलासा नहीं करती है तो वह यह सभी नंबरों को सार्वजनिक करेंगे।
पूर्व में दो बार मिल चुकी है धमकी
दिसंबर और 13 अप्रैल को भी राकेश टिकैत को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद कौशांबी थाने में दोनों बार रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दिसंबर में धमकी देने के मामले में बिहार के एक युवक को पुलिस ने पकड़ा था। जिससे कोर्ट में पेश करने पर जमानत मिल गई थी। जबकि अप्रैल माह में धमकी देने के मामले में आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले का युवक सामने आया था। एसएचओ कौशांबी ने बताया कि उसकी दिमागी हाल ठीक नहीं थी। उसे नोटिस थमाया गया था।