दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश का शातिर मादक पदार्थ तस्कर अमन विहार निवासी सुमित उर्फ सन्नी(30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी पहले अवैध शराब की तस्करी करता था। इसके बाद गांजा और फिर हेरोइन की तस्करी करने लगा।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता व अपराध शाखा डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि अपराध शाखा की नारकोटिक्स सेल में तैनात इंस्पेक्टर राममनोहर को सूचना मिली थी कि लॉकडाउन के दौरान कुछ मादक पदार्थ तस्कर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। एसआई अब्दुल बरकत को 27 मई को सूचना मिली थी कि सन्नी अमन विहार एरिया में सुबह के समय हेरोइन सप्लाई करने आएगा।
सूचना के बाद इंस्पेक्टर राममनोहर की देखरेख में एसआई अब्दुल बरकत, एसआई अरविंद व मो. इस्मेल की टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सी-ब्लाक, अमन विहार में घेराबंदी कर मादक पदार्थ तस्कर सुमित उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बढिय़ा क्वालिटी की एक किलो हेरोइन बरामद की गई।
आरोपी ने बताया कि वह ओखला स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। उसकी मां व बहन के खिलाफ एक्साइज एक्ट के मामले दर्ज हैं। स्कूल के समय में ही यह गलत संगत में पड़ गया और अवैध शराब की तस्करी करने लगा। इसके बाद वह अमन विहार व आसपास इलाके में गांजे की सप्लाई करने लगा। इसके बाद ये हेरोइन की सप्लाई करने लगा। शुरू में ये गांजे व हेरोइन की पुडिय़ा 300 रुपये में बेचता था। जब व्यक्ति मादक पदार्थ लेने का आदि हो जाता था तो फिर उनके महंगे दामों पर बेचता था।