जीटीबी अस्पताल परिसर से जितेंद्र मान उर्फ गोगी गिरोह के बदमाश कुलदीप मान उर्फ फज्जा को भागने की साजिश हरियाणा के कुख्यात बदमाश दीपक बॉक्सर ने रची थी। पुलिस इस मामले में अहम सुराग मिलने का दावा कर रही है।
वारदात में शामिल बदमाशों की धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस की 20 टीमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और अन्य राज्यों में दबिश दे रही हैं। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी हो सकती है। वारदात में शामिल बदमाश अंकेश को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीटीबी अस्पताल में उसकी निगरानी के लिए अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए हैं।
आला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में पता चला है कि कुलदीप को फरार कराने वाले ज्यादातर बदमाश हरियाणा के रहने वाले हैं। शुक्रवार को हरियाणा पुलिस की एक टीम अस्पताल आई थी और घायल अंकेश से पूछताछ की। उससे पुलिस को वारदात में शामिल बदमाशों के बारे में जानकारी मिली है।
बृहस्पतिवार को स्कॉर्पियो में नौ बदमाशों को लेकर दीपक बाहरी दिल्ली से आउटर रिंग रोड होते हुए सिग्नेचर ब्रिज से वाया वजीराबाद रोड जीटीबी अस्पताल पहुंचा। यहां करीब दो घंटे इंतजार करने के बाद कुलदीप के बाहर निकालने के बाद उसने वारदात की। बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च डालकर फायरिंग शुरू कर दी।
अस्पताल से मिले सीसीटीवी के मुताबिक, दीपक और रवि जागसी कुलदीप को लेकर गेट नंबर-7 से बाहर निकले। बाहर उन्होंने वहां से गुजर रहे दंपती से बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाश मंडोली जेल के सामने से भोपुरा बॉर्डर होकर उत्तर प्रदेश की सीमा में फरार हो गए।