यूं तो कोरोना वैश्विक महामारी ने सभी आयोजनों को स्थगित कर दिया किन्तु फिर भी लोग इससे निपटने के नए नए मार्ग ढूंढ़ रहे हैं। पढाई से लेकर काम तक, सब कुछ ऑनलाइन होना अब सामान्य हो गया है। इसी बीच कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी ऑनलाइन करवाए जा रहे हैं। वैश्विक महामारी कोविड-19 संक्रमण की आपदा के बीच आईआईटी दिल्ली द्वारा देश में पहली बार 3-डी डिजिटल प्लेटफार्म पर सांस्कृतिक फेस्ट आयोजित किया गया। आईआईटी दिल्ली के बी-टेक के छात्रों ने 18 अप्रैल 2021 से लेकर 21 अप्रैल 2021 तक अपने चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम, रोंदेवू का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में भारी संख्या में विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अपनी कला का प्रदर्शन करने हेतु और छात्रों के मनोरंजन के लिए देश-विदेश के गायक, बैंड्स और गिटारिस्ट भी इस आयोजन का हिस्सा बने। इस वर्चुअली आयोजित कार्यक्रम में अमर उजाला ने मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के लिए थ्री-डी डिजिटल प्लेटफार्म को एक्सपोरियम कंपनी द्वारा अपनी तकनीक से बनाया गया। हालांकि कलाकार, दर्शक और आयोजक सभी अपने-अपने घरों पर ही थे, किन्तु तकनीक की सहायता से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सभी डोगरा हॉल में बैठे हैं, कलाकार प्रत्यक्ष रूप में अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं और दर्शक डोगरा हॉल से कार्यक्रम का लुत्फ़ उठा रहे हों।
आईआईटी दिल्ली के बीटेक प्रोग्राम के रेडजवस ग्रुप के सदस्य और आयोजक जिनय शाह ने बताया कि 18 से 21 अप्रैल तक आईआईटी दिल्ली का 45वाँ सांस्कृतिक फेस्ट रोंदेवू वर्चुअली आयोजित हुआ। फेस्ट के टॉप शो में महिंद्रा रेसिंग कंपनी के सीईओ दिलबाग गिल और यूट्यूब के टीवीएफ शो, जोकि यूपीएससी की तैयारी पर आधारित शो है जिसे एक करोड़ से अधिक लोगों ने देखा है, उसकी पूरी टीम भी आयी थी।
चार दिवसीय फेस्ट में सुबह डांस, ड्रामा, कवि सम्मेलन, काव्य पाठ, परिचर्चा, वर्कशॉप, वाद-विवाद आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तो शाम के समय प्रोनाइट्स (कोंसेरट्स) का आयोजन कराया गया। इसमें इंटरनेशनल शो के तहत इंडोनेशिया से विश्व प्रसिद्ध अलेक्जेंडर जोसेफिन ने अपनी गिटार कला का बखूबी प्रदर्शन करके छात्रों का मनोरजन कराया। पाकिस्तान के अली ताहिर ने अपने बैंड के साथ मिलकर एक अत्यंत मनोहर परफॉर्मेंस दी।
इस विशिष्ट और अभूतपूर्व महोत्सव के आयोजन के पीछे आईआईटी दिल्ली के बी-टेक छात्रों की एक बड़ी विशाल समिति का हाथ था जिसमें कई सदस्य थे जिनमें मुख्य सदस्य जिनय शाह, कमल जैन, अपार मुदगल, अनूप गोपाल सिंह, नील पटेल आदि थे। आयोजन समिति के कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयासों से यह चार दिवसीय भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और दर्शक बहु आनंद के पात्र बने।
गीत और कविता सुनकर झूमे दर्शक...
स्पेक्टेल एंटरटेनमेंट की मदद से बॉलीवुड के गायक विकास डडलानी की पहली ऑनलाइन कॉलेज फेस्ट परफॉर्मेंस में दर्शक झूम उठे। युवा गायक अनुव जैन के अत्यंत सुन्दर गायन को देखकर श्रोतागण के मन में प्रसन्नता की लेहेन दौड़ गयी। इनके अलावा एक कवी सम्मलेन आयोजित हुआ जिसमे अरुण जैमिनी और मुमताज नसीम जैसे कवियों ने अपनी कविताओं और गज़लों से श्रोताओं के दिलों को छू लिया। अनइरेज पोएट्री द्वारा आयोजित एक अन्य काव्य कार्यक्रम में याह्य बूतवाला और सैनी राज जैसे कवियों ने लोगों का दिल जीत लिया।