दिल्ली में लगातार कम होते कोरोना के मामले को देखते हुए सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण(डीडीएमए) की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें वर्तमान में दिल्ली की कोरोना स्थिति व तैयारियों को लेकर आगे के निर्णय लिए जा सकते हैं। इनमें स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों की संख्या, डीटीसी बसों में यात्रियों को लेकर नए नियम आदि पर चर्चा की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर अनलॉक होती दिल्ली पर आरडब्ल्यूए संगठनों ने आपत्ति जताई है।
राजधानी में कोरोना के घटते मामले की बीच दिल्ली काफी हद तक अनलॉक हो चुकी है। हालांकि, आरडब्ल्यूए संगठनों का कहना है कि दिल्ली में बेशक कोरोना के मामले कम हुए हैं, लेकिन अभी ज्यादा ढील देना सही नहीं है। सफदरजंग स्थित एक आरडब्ल्यूए के अनुसार, इन दिनों महाराष्ट्र में फिर से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसे कोरोना की नई लहर भी कहा जा सकता है।
वहीं, दिल्ली में भी कई लोग कोरोना नियमों का पालन पूरी तरह से नहीं कर रहे हैं, ऐसे में सरकार को इसके लिए सख्ती से काम लेते हुए सावधानी बरतनी चाहिए। राजधानी मं पिछले कई दिनों से कोरोना के मामलों में कमी आ रही है। साथ ही संक्रमण दर भी 0.23 पर पहुंच गई है।