दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तीनों कॉरिडोर पर भी मेट्रो ड्राइवरलेस होगी। मजेंटा के बाद पिंक लाइन कॉरिडोर को ड्राइवरलेस किया जा रहा है। फेज-4 के तीनों कॉरिडोर के जुड़ने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी)का ड्राइवरलेस नेटवर्क करीब 160 किलोमीटर का हो जाएगा। इस फेज के तहत सबसे पहले मौजपुर-मजलिस पार्क के बीच(12.555)किलोमीटर में मेट्रो निर्माण का कार्य दो साल में पूरा किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद देश का पहला रिंग मेट्रो कॉरिडोर भी तैयार हो जाएगा। पिंक लाइन के करीब 96 किलोमीटर के साथ फेज-4 के तीन कॉरिडोर(करीब 65 कि.मी)के जुड़़ने पर दिल्ली मेट्रो का नाम ड्राइवरलेस मेट्रो के लिहाज से अग्रणी देशों में शुमार होगा।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन(डीएमआरसी) के दो कॉरिडोर को ड्राइवरलेस करने के लिए कम्यूनिकेशन बेस्ट ट्रेन कंट्रोल(सीबीटीसी)तकनीक को अपनाया गया। मजेंटा और पिंक लाइन मेट्रो को इस तकनीक से जोड़ने के बाद फेज-4 के तीनों कॉरिडोर पर इसी तकनीक को लागू किया जाएगा। इस तकनीक से मेट्रो परिचालन की निगरानी के लिए मेट्रो के आगे कैमरे लगे होंगे। कैमरे लगे होने से ट्रैक पर किसी तरह की बाधा की सूचना ऑपरेशन एंड कंट्रोल सेंटर(ओसीसी)को मिल जाएगी। ट्रेनों के परिचालन की पल पल इसी सेंटर से निगरानी की जाएगी ताकि किसी तरह की बाधा या रुकावट की जानकारी तत्काल मिल सके।
दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक मौजपुर-मजलिस पार्क पर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 12.558 किलोमीटर के इस कॉरिडोर पर आठ स्टेशन होंगे। इसी दायरे में सिग्नेचर ब्रिज के उपर एक ब्रिज का भी निर्माण किया जा रहा है और 2023 तक इस कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है।
मौजपुर-मजलिस पार्क पर होंगे आठ स्टेशन
मौजपुर-मजलिस पार्क के बीच मेट्रो के विस्तार के बाद पिंक लाइन का रिंग कॉरिडोर करीब 70 किलोमीटर लंबा हो जाएगा। इस कॉरिडोर पर आठ स्टेशन होंगे। इसपर मेट्रो सेवाएं शुरू होने से गाजियाबाद, लोनी, मेरठ, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा सहित एनसीआर के कई शहरों के मेट्रो यात्रियों को राहत मिलेगी। इस कॉरिडोर के आठ स्टेशन भजनपुरा, यमुना विहार, खजूरी खास, सुरघाट, सोनिया विहार, जगतपुर गांव, झड़ौदा माजरा और बुराड़ी हैं। फेज-4 के तीनों कॉरिडोर में यह सबसे छोटा हैं, इसलिए सबसे पहले इसपर मेट्रो सेवाएं शुरू की जाएंगी।
आठ लाइन से होगी इंटरचेंज की सुविधा
नेताजी सुभाष प्लेस, वेलकम, आईएनए, आजादपुर सहित राजौरी गार्डन, मयूर विहार, फेज-1, आनंद विहार और कड़कड़डूमा, पंजाबी बाग वेस्ट, वजीराबाद, सुरघाट और लाजपत नगर, दुर्गाबाई देशमुख(साउथ कैंपस), मजलिस पार्क सहित आठ लाइनों के स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा होगी। धौला कुआं से साउथ कैंपस को जोड़ने वाले फुटओवर ब्रिज से पिंक लाइन के यात्रियों को सीधे एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सफर और भी आसान हो जाएगा।